पुलिस की अपराध समीक्षा बैठक: विजयागंज मण्डी थाना और कन्नौद अनुभाग रहे अव्वल
देवास : पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद की अध्यक्षता में आज, 13 मार्च 2026 को जिला पुलिस कंट्रोल रूम में फरवरी माह की अपराध समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिले के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, एसडीओपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। इस दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले थानों और अधिकारियों को पुरस्कृत किया गया। रैंकिंग में विजयागंज मण्डी ने मारी बाजी फरवरी माह में 25 अलग-अलग पैमानों (पैरामीटर्स) के आधार पर जिले के थानों और अनुभागों की रैंकिंग जारी की गई। इसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए थाना विजयागंज मण्डी ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिसके लिए थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित पटेल को सम्मानित किया गया।
वहीं, अनुभाग स्तर पर कन्नौद अनुभाग प्रथम स्थान पर रहा। इसके लिए अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) आदित्य तिवारी को पुरस्कृत किया गया। उल्लेखनीय है कि कन्नौद एसडीओपी कार्यालय को हाल ही में ISO प्रमाणित भी किया गया है।
इन्हें मिला 'सर्वश्रेष्ठ पुलिसकर्मी' का सम्मान
शहर में हुई चेन स्नेचिंग की सनसनीखेज वारदातों का पर्दाफाश करने वाले दो जांबाज अधिकारियों को 'सर्वश्रेष्ठ पुलिसकर्मी' पुरस्कार से नवाजा गया:
उपनिरीक्षक गोपाल चौधरी
उपनिरीक्षक राहुल परमार
इन अधिकारियों ने ओडिशा और गुजरात जैसे दूरस्थ राज्यों से अंतरराष्ट्रीय गिरोह के आरोपियों को दबोचा और शत-प्रतिशत लूटी गई संपत्ति बरामद करने में सफलता हासिल की।
थाना स्तरीय टॉप-10 रैंकिंग (फरवरी माह):
| रैंक | थाना | रैंक | थाना |
| 01 | विजयागंज मण्डी | 06 | सिविल लाईन |
| 02 | हरणगांव | 07 | बागली |
| 03 | बरोठा | 08 | खातेगांव |
| 04 | कन्नौद | 09 | औद्योगिक क्षेत्र |
| 05 | सतवास | 10 | सोनकच्छ |
एसपी के कड़े निर्देश: जीरो टॉलरेंस और प्रभावी गश्त
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक गेहलोद ने स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्यप्रणाली पारदर्शी और पीड़ित उन्मुखी होनी चाहिए। उन्होंने निम्नलिखित मुख्य निर्देश दिए: जनता का फीडबैक: थानों पर लगे QR CODE का उपयोग बढ़ाएं ताकि पुलिस की कार्यशैली पर जनता की सीधी राय मिल सके। अपराध नियंत्रण: चोरी रोकने के लिए प्रभावी रात्रि गश्त और नाकाबंदी सुनिश्चित करें। जुआ, सट्टा और अवैध शराब पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। तकनीकी का उपयोग: FIR से लेकर ट्रायल तक तकनीकी का अधिकतम उपयोग करें ताकि फरियादियों को त्वरित न्याय मिले। विशेष अभियान: 'ऑपरेशन त्रिनेत्रम' के तहत सीसीटीवी कैमरे लगवाने, 'ऑपरेशन सायबर' (डायल-1930) का प्रचार करने और आगामी त्योहारों के मद्देनजर 'ऑपरेशन पवित्र' के तहत गुंडा तत्वों पर बाउंडओवर की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में एसपी ने अच्छा कार्य करने वाले कर्मचारियों की सराहना की और भविष्य में भी इसी गुणवत्ता के साथ सेवा करने हेतु प्रेरित किया।
रिपोर्टर : साजिद पठान

No Previous Comments found.