90 दिनों में सरेंडर करने होंगे घरेलू गैस सिलेंडर, जिन क्षेत्रों में पहुँची पीएनजी पाइपलाइन

​देवास : भारत सरकार के निर्देशों के अनुपालन में अब देवास नगर के उन क्षेत्रों में जहाँ पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) का नेटवर्क उपलब्ध हो चुका है, वहाँ के रहवासियों के लिए पीएनजी अपनाना अनिवार्य कर दिया गया है। जिला आपूर्ति अधिकारी दिनेश कुमार अहिरवार ने जानकारी देते हुए बताया कि ऐसे क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को आगामी 90 दिनों के भीतर अपना घरेलू एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करना होगा।

​निर्बाध आपूर्ति और सुरक्षा के लिए उठाया कदम

​वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों और घरेलू ईंधन की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन ने यह अपील की है। देवास के लगभग 90% क्षेत्रों में गेल गैस लिमिटेड द्वारा पाइपलाइन का जाल बिछाया जा चुका है और वर्तमान में शहर के लगभग 22 हजार घरों में पीएनजी का सफलतापूर्वक उपयोग किया जा रहा है।
​इन क्षेत्रों पर लागू होगा नियम (गैसीफाइड एरिया) ​जिन सोसायटियों और कॉलोनियों में पीएनजी की सुविधा उपलब्ध है, वहाँ के नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे भविष्य की असुविधाओं से बचने के लिए शीघ्र ही एलपीजी से पीएनजी पर स्थानांतरित हो जाएँ। शासन के निर्देशानुसार, पीएनजी नेटवर्क वाले क्षेत्रों में एलपीजी सिलेंडर के स्थान पर पाइपलाइन गैस को प्राथमिकता दी जाएगी।

क्यों बेहतर है पीएनजी? (प्रमुख लाभ)

​किफायती: यह एलपीजी के मुकाबले सस्ती है और उपभोक्ता को केवल उपयोग के अनुसार ही बिल देना होता है। ​सुविधाजनक: न तो सिलेंडर बुकिंग का झंझट है और न ही भारी सिलेंडर उठाने-रखने की परेशानी। ​24x7 आपूर्ति: पाइपलाइन के माध्यम से गैस की निरंतर सप्लाई सुनिश्चित रहती है। ​सुरक्षित: हवा से हल्की होने के कारण लीकेज की स्थिति में यह हवा में घुल जाती है, जिससे आग लगने का खतरा कम रहता है। ​पर्यावरण अनुकूल: यह एक स्वच्छ ईंधन है जो प्रदूषण कम करने में सहायक है।

​कैसे लें नया कनेक्शन?

​इच्छुक नागरिक और प्रभावित उपभोक्ता नीचे दिए गए माध्यमों से नया कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं: ​वेबसाइट: गेल गैस लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन। ​कार्यालय: गेल गैस के देवास स्थित कार्यालय में आवेदन पत्र जमा कर। ​संपर्क सूत्र: मोबाइल नंबर 6268431352 अथवा टोल फ्री नंबर 18001029282 पर संपर्क कर सकते हैं। ​QR कोड: कंपनी द्वारा जारी क्यूआर कोड को स्कैन कर भी पंजीकरण कराया जा सकता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन क्षेत्रों में नेटवर्क उपलब्ध है, वहां 90 दिनों की समय सीमा के बाद एलपीजी कनेक्शन रखने में असुविधा हो सकती है, अतः समय रहते पीएनजी अपनाएं।


रिपोर्टर : साजिद पठान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.