ऑपरेशन त्रिनेत्रम का कमाल: सूने मकान में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, सोने-चांदी के जेवर और नगदी बरामद
देवास : बागली में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में लगातार बड़ी कार्रवाइयां की जा रही हैं। इसी कड़ी में बागली थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 'ऑपरेशन त्रिनेत्रम' के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों और सटीक मुखबिर तंत्र की मदद से घर में घुसकर चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से चोरी का सारा सामान और नगदी बरामद कर ली गई है।अलमारी तोड़कर उड़ाए थे जेवरात और नगदी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 07 मई 2026 को छतरपुरा रोड, बागली निवासी फरियादिया अनिता बाई (पति रामसिंह बघेल) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके मकान की अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी कर ली है। शिकायत पर बागली पुलिस ने अपराध क्रमांक 218/2026 धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
शराब पार्टी और सीसीटीवी कैमरों से खुला राज
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती सौम्या जैन एवं एसडीओपी बागली संजय सिंह बैस के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
कैसे पकड़ाया चोर: जांच के दौरान पुलिस ने जब 'ऑपरेशन त्रिनेत्रम' के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया, तो एक अहम सुराग हाथ लगा। पता चला कि घटना से ठीक पहले फरियादिया के बेटे और उसके दोस्तों ने मकान की छत पर बैठकर शराब पार्टी की थी।
इसी पार्टी में शामिल दोस्तों पर जब संदेह हुआ, तो पुलिस ने छतरपुरा रोड बागली के ही रहने वाले विशाल पिता गोपाल वैष्णव (उम्र 22 वर्ष) को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी विशाल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि रात में वह दोबारा फरियादिया के घर गया था। मकान सूना और ऊपर का दरवाजा खुला देखकर वह अंदर घुसा और संडासी (औजार) से अलमारी का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके कब्जे से चोरी गया निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
₹4,500 नगद राशि
एक जोड़ी चांदी की पायल और एक जोड़ी चांदी की बिछिया
एक सोने जैसा हार
दो एसबीआई (SBI) बैंक के चेक
07 तांबे के पुराने दीपक
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस अंधे कत्ल/चोरी का सफल खुलासा करने में बागली थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह, उप निरीक्षक राकेश चौहान, उप निरीक्षक बी.एस. भिलाला, सउनि सऊद कुरेशी, प्रधान आरक्षक रामप्रताप सिंह, प्रकाश मईड़ा, आरक्षक अरुण चौहान और महेश सिसौदिया की मुख्य भूमिका रही। इसके साथ ही साइबर टीम के प्रधान आरक्षक सचिन चौहान और शिवप्रताप सिंह सेंगर का भी तकनीकी विश्लेषण में विशेष योगदान रहा।
रिपोर्टर : साजिद पठान
No Previous Comments found.