अवैध मदिरा के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई; टोंकखुर्द के ग्राम सालमखेड़ी से 335 पाव देशी शराब बरामद
देवास : टोंकखुर्द अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय और परिवहन करने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा लगातार सख्त रुख अपनाया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर आबकारी वृत्त टोंकखुर्द के अंतर्गत ग्राम सालमखेड़ी में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। विभाग ने मौके से भारी मात्रा में अवैध देशी मदिरा जब्त कर एक आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
कलेक्टर व जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन में कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह के कुशल निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती बसंती भूरिया के मार्गदर्शन में संचालित विशेष अभियान के तहत की गई। विभाग की इस निरंतर मुस्तैदी से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
335 पाव शराब जब्त, आरोपी पर मामला दर्ज
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को आबकारी टीम को मुखबिर से ग्राम सालमखेड़ी में अवैध शराब संग्रहण की सूचना मिली थी। टीम ने तुरंत दबिश देकर मौके से 335 पाव देशी मदिरा प्लेन (कुल 60.3 बल्क लीटर) बरामद की, जिसे अवैध रूप से बेचने और स्टोर करने के उद्देश्य से रखा गया था।
आरोपी की पहचान व कानूनी कार्रवाई:
मामले में अवैध शराब का संग्रहण करने वाले अभियुक्त जगदीश मालवीय के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1) क एवं 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। विभाग ने मामला विवेचना में ले लिया है।
बाजार मूल्य ₹25,460
आबकारी विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस पूरी कार्रवाई के दौरान जब्त की गई अवैध देशी शराब का कुल बाजार मूल्य लगभग 25,460 रुपये आंका गया है।
कार्रवाई में शामिल रही यह टीम
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में मुख्य रूप से निम्नलिखित अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे:
आबकारी उपनिरीक्षक कैलाश जामोद,आबकारी मुख्य आरक्षक गोविंद बडावदिया
आबकारी आरक्षक सनत ओझा
आबकारी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जिले में अवैध मदिरा के कारोबार को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए इस प्रकार की सख्त और दंडात्मक कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी ।
रिपोर्टर : साजिद पठान
No Previous Comments found.