कन्नौद में RTO की कार्रवाई: बिना परमिट दौड़ती स्कूल मैजिक वाहन जब्त, वसूला ₹71,500 जुर्माना

​देवास :  जिले में अवैध और नियम विरुद्ध संचालित वाहनों पर नकेल कसने के लिए कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशों पर चेकिंग अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में जिला परिवहन अधिकारी  श्रीमती बरखा शुक्ला के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने कन्नौद तहसील में ताबड़तोड़ कार्रवाई की।

​अभियान के तहत कन्नौद क्षेत्र के ई-संस्कार स्कूल, ब्राइट फ्यूचर एकेडमी, गुरुकुल एकेडमी और डेली पब्लिक स्कूल में संचालित बसों व अन्य यात्री वाहनों की सघन जांच की गई। चेकिंग के दौरान ब्राइट फ्यूचर स्कूल की एक टाटा मैजिक बिना परमिट और बिना आवश्यक दस्तावेजों के दौड़ती पाई गई, जिसे टीम ने मौके पर जब्त कर अभिरक्षा में ले लिया।
​कार्रवाई के मुख्य बिंदु:
​टाटा मैजिक जब्त: ब्राइट फ्यूचर स्कूल का वाहन बिना परमिट और कागजात के मिलने पर सीज।
​शमन शुल्क: दस्तावेजों में कमी पाए जाने पर ₹15,000 का शमन शुल्क वसूला गया।
​कर वसूली: बकाया मोटरयान कर के रूप में ₹56,500 की राशि मौके पर वसूल की गई।
​कुल राजस्व वसूली: कार्रवाई के दौरान कुल ₹71,500 का राजस्व जुटाया गया।
​सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का पालन जरूरी
जांच के दौरान विशेष रूप से स्कूली वाहनों में माननीय उच्चतम न्यायालय की गाइडलाइन के अनुसार सुरक्षा मानकों की जांच की गई। परिवहन विभाग बरखा शुक्ला ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
​आरटीओ ने जिले के सभी स्कूल बस और यात्री वाहन संचालकों को सख्त हिदायत दी है कि वे अपने वाहनों के समस्त वैधानिक दस्तावेज पूर्ण रखें और मोटरयान कर समय पर जमा करें। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध संचालन के विरुद्ध यह चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर जब्ती व चालानी कार्रवाई की जाएगी।।

रिपोर्टर - साजिद पठान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.