शासकीय भूमि, रास्तों और नालों से अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश
देवास : कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (TL) बैठक में जिले के विकास कार्यों, लंबित पत्रों के निराकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को सख्त लहजे में हिदायत देते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शासकीय रास्तों, सरकारी भूमि और नालों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के कड़ी और दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
समय पर पूरी हों नल-जल योजनाएं
जिले में चल रही नल-जल योजनाओं की प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग के कार्यपालन यंत्री को पिछले एक माह की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, उन्हें तत्काल हैंडओवर किया जाए। जल निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों की धीमी रफ्तार पर चेतावनी देते हुए उन्होंने साफ किया कि समय-सीमा में काम पूरा न होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
अमृत 2.0 और पेयजल परियोजनाओं की समीक्षा
बैठक के दौरान नगर निगम व नगर परिषद क्षेत्रों में निर्माणाधीन जल संरचनाओं की समीक्षा की गई। इसमें क्षिप्रा एवं राजानल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, रोड रेस्टोरेशन, बागली, कांटाफोड़, नेमावर, खातेगांव पेयजल योजना और अमृत 2.0 जल प्रदाय योजना के कार्यों का जायजा लिया गया। कलेक्टर ने सभी प्रोजेक्ट्स को निर्धारित समय के भीतर पूरा करने के आदेश दिए।
लोक सेवा गारंटी और सीएम हेल्पलाइन पर जोर
कन्नौद में आयोजित 'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान' के लंबित प्रकरणों को तुरंत सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री सिंह ने स्पष्ट किया कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत कोई भी आवेदन समय-सीमा से बाहर नहीं जाना चाहिए।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर संजीव जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती अंशु जावला, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती विशाखा देशमुख समेत विभिन्न विभागों के ज़िला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि विकासखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए जुड़े।
रिपोर्टर - साजिद पठान
No Previous Comments found.