जनगणना-2027 को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक

दुमका : उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जनगणना-2027 को लेकर गठित विभिन्न कोषांगों के वरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्तमान में संचालित स्व-गणना कार्य एवं आगामी मकान सूचीकरण कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में जानकारी दी गयी कि जनगणना-2027 के अंतर्गत 1 मई से 15 मई 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) का कार्य संचालित किया जा रहा है। इस दौरान नागरिक स्वयं आधिकारिक पोर्टल एवं मोबाइल एप के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर रहे हैं।उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक लोगों को स्व-गणना प्रक्रिया से जोड़ने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।

बैठक में आगामी चरण के तहत 16 मई से 14 जून 2026 तक संचालित होने वाले मकान सूचीकरण कार्य की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर घर-घर जाकर मकानों एवं परिवारों से संबंधित जानकारी का संग्रहण सुनिश्चित करें। इसके लिए सभी आवश्यक संसाधन, प्रशिक्षण आदि व्यवस्थाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उपायुक्त ने आमजनों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी करने का निर्देश दिया, ताकि जनगणना से संबंधित जानकारी, तकनीकी सहायता एवं शिकायतों का त्वरित समाधान उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही उन्होंने सभी कोषांगों को अपने कार्य ससमय संपादित करने का निदेश दिया।उन्होंने कहा कि नियमित मॉनिटरिंग एवं समन्वय के माध्यम से जनगणना कार्य को सफल एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराया जाएगा। बैठक में जनगणना कार्य के सफल संचालन हेतु विभागीय समन्वय, प्रशिक्षण, प्रचार-प्रसार एवं तकनीकी तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

रिपोर्टर : गियासुद्दीन अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.