बैंक मित्र एवं एफएलसीआरपी को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
दुर्ग - जिला पंचायत दुर्ग में मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग कुमार दुबे के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय वित्तीय शिक्षा केंद्र के अंतर्गत वयस्कों के लिए वित्तीय शिक्षा कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विशेष रूप से बैंक मित्र एवं एफएलसीआरपी (वित्तीय साक्षरता समुदाय संसाधन व्यक्ति) के लिए आयोजित किया गया, जिसमें कुल 48 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड तथा राष्ट्रीय वित्तीय शिक्षा केंद्र के प्रशिक्षक रवि आर्य द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को वित्तीय साक्षरता, बचत और निवेश के मूल सिद्धांतों के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाई। इसके अलावा वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
सत्र के दौरान चिट फंड, ऑनलाइन धोखाधड़ी और निवेश के नाम पर होने वाली ठगी से बचने के उपायों पर विशेष रूप से चर्चा की गई, ताकि महिलाएं अपनी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रख सकें। साथ ही बैंकिंग, बीमा और पेंशन से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी दी गई, जिससे महिलाएं आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बन सकें। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बैंक मित्र एवं एफएलसीआरपी को जागरूक बनाकर गांव-गांव में वित्तीय साक्षरता का संदेश फैलाना है, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया जा सके। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता दिखाई और इस उपयोगी पहल के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक सागर पंसारी (बिहान शाखा,जिला पंचायत दुर्ग) तथा बैंक ऑफ बड़ौदा के लीड बैंक से लेखराम (वित्तीय साक्षरता केंद्र) भी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर - धर्मेंद्र गुप्ता


No Previous Comments found.