23 अगस्त को जीएच रायसोनी स्मृति संभाग स्तरीय स्कूल शतरंज स्पर्धा
दुर्ग : छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के निर्देशन में जिला शतरंज संघ दुर्ग द्वारा जीएच रायसोनी स्मृति में एक दिवसीय संभाग स्तरीय स्कूल शतरंज स्पर्धा का आयोजन 23 अगस्त को खालसा पब्लिक स्कूल दुर्ग के सभागार में किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह 10 बजे खालसा एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष त्रिलोक सिंह ढिल्लन के मुख्य आतिथ्य एवं समाजसेवी कैलाश जैन बरमेचा की अध्यक्षता में होगा। इस अवसर पर खालसा एजुकेशन सोसायटी के पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहेंगे।
प्रतियोगिता में दुर्ग संभाग के 160 से अधिक स्कूली शतरंज खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें करीब 30 रेटेड खिलाड़ी भी शामिल हैं। प्रतियोगिता अंडर-7, 9, 11, 13, 15, 17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिका वर्ग में आयोजित होगी। प्रतियोगिता के आधार पर प्रत्येक वर्ग में शीर्ष चार स्थान प्राप्त करने वाले कुल 56 खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय स्कूल शतरंज स्पर्धा में भाग लेने की पात्रता हासिल करेंगे।
जीएच रायसोनी कल्चर फाउंडेशन एवं कल्पना प्रकाश फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस स्पर्धा में कुल 50 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि के साथ विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को पदक एवं ई-प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। अंडर-13 से अंडर-19 वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः 3000, 2000 एवं 1000 रुपये तथा ट्रॉफी दी जाएगी। चौथे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को स्मृति चिह्न मिलेगा। अंडर-7, 9 एवं 11 वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के खिलाड़ियों को ट्रॉफी तथा चौथे स्थान पर स्मृति चिह्न प्रदान किया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ विद्यालय को 2000 रुपये का नगद पुरस्कार मिलेगा।
प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक अंतरराष्ट्रीय निर्णायक रॉकी देवांगन होंगे। सहायक निर्णायक के रूप में फीडे निर्णायक अनिल शर्मा, धीरज चावरे, विक्रम सिंह राजपूत एवं दिव्यांशु उपाध्याय अपनी सेवाएं देंगे। जिला शतरंज संघ दुर्ग के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत एवं सचिव तुलसी सोनी ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य स्कूली खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उनकी शतरंज प्रतिभा को राज्य स्तर तक पहुंचाना है।
रिपोर्टर : धर्मेंद्र गुप्ता
No Previous Comments found.