महिला सशक्तिकरण का संदेश लेकर निकली लीनेस क्लब ऑफ दुर्ग सिटी की आधिकारिक यात्रा
दुर्ग - लीनेस क्लब ऑफ दुर्ग सिटी द्वारा डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट, रीजन ऑफिसर एवं एरिया ऑफिसर की संयुक्त आधिकारिक यात्रा का आयोजन उत्साह, गरिमा और सेवा भावना के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, पोषण, स्वास्थ्य एवं सामुदायिक विकास से जुड़ी विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट लीनेस रश्मि अग्रवाल जी, डिस्ट्रीक सचिव प्रशासनिक लीनेस विभा भूटानी जी, डिस्ट्रीक सचिव सर्विसेज लीनेस सीमा यादव जी, डिस्ट्रिक्ट सचिव होम लीनेस रुचि सक्सेना जी, रीजन ऑफिसर लीनेस रश्मि लखोटिया जी एवं रीजन सचिव लीनेस मीना सिंह जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। शासकीय विद्यालय में ड्राइंग किट वितरण और पौधारोपण
आधिकारिक यात्रा का शुभारंभ प्रातः 11 बजे पोटिया कला स्थित शासकीय विद्यालय में हुआ। विद्यालय के बच्चों ने तिलक लगाकर अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। सरस्वती वंदना के बाद नवरात्रि उत्सव के शुभारंभ पर ढोलक की थाप के साथ जसगीत प्रस्तुत किया गया। इसके बाद बच्चों को उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ड्राइंग किट वितरित की गईं। विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, बच्चों को पोषण आहार इसके पश्चात पदमनाभपुर थाने के सामने स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में अधिकारियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। क्लब द्वारा वर्षभर प्रोटीनयुक्त पोषण आहार उपलब्ध कराकर सहयोग की जाने वाली दो गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई। इस पहल के माध्यम से मातृत्व, महिला स्वास्थ्य और पोषण के महत्व को रेखांकित किया गया। साथ ही बच्चों को डेंटल किट वितरित कर पौष्टिक भोजन कराया गया, जिससे उनमें स्वच्छता, दंत स्वास्थ्य एवं संतुलित आहार के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
आदर्श नगर उद्यान में झूले और बेंच का उद्घाटन यात्रा के अगले चरण में आदर्श नगर स्थित उद्यान में क्लब द्वारा स्थापित झूले एवं बेंच का उद्घाटन किया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों, वरिष्ठजनों एवं क्षेत्र के नागरिकों को सार्वजनिक स्थल पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। क्लब की इस परियोजना को सामुदायिक सुविधाओं के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया।
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्लब द्वारा संचालित सिलाई केंद्र का उद्घाटन किया गया। इस केंद्र के माध्यम से महिलाओं को सिलाई का प्रशिक्षण देकर उनके कौशल विकास, स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर क्लब की सदस्य लीनेस मीनाक्षी अग्रवाल जी ने क्लब की स्थायी परियोजना के लिए एक सिलाई मशीन भेंट की। यह मशीन केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली एवं कार्य करने वाली महिलाओं के उपयोग में लाई जाएगी।
दोपहर के भोजन के पश्चात होटल सागर इंटरनेशनल में बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स (B.O.D.) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिछली सभा की कार्यवाही एवं कार्यवृत्त पढ़कर सुनाए गए। इसके बाद क्लब की आगामी गतिविधियों, सेवा परियोजनाओं और संगठनात्मक विकास पर चर्चा हुई। सभी पदाधिकारियों से सुझाव आमंत्रित किए गए, ताकि भविष्य में जनकल्याणकारी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
आधिकारिक सभा का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों के स्वागत एवं मंच सुशोभन के साथ हुआ। इसके बाद दीप प्रज्वलन एवं लीनेस गीत प्रस्तुत किया गया। लीनेस रत्नमाला पालिया जी ने ध्वज वंदना का पाठ किया। सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। लीनेस दुर्गेश नंदिनी दुबे जी ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जिसमें नन्हीं अन्वेषा ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस प्रस्तुति ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। क्लब अध्यक्ष लीनेस आकांक्षा मिश्रा जी ने स्वागत भाषण में क्लब की गतिविधियों एवं सेवा कार्यों की जानकारी दी। इसके पश्चात सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। क्लब की कोषाध्यक्ष लीनेस रितु ठाकुर जी ने आय-व्यय का विवरण सभा के समक्ष रखा। पदाधिकारियों ने सेवा कार्यों की सराहना कर दिए सुझाव रीजन ऑफिसर लीनेस रश्मि लखोटिया जी का जीवन परिचय लीनेस विभा गुप्ता जी ने प्रस्तुत किया। रीजन ऑफिसर ने क्लब द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए आगामी गतिविधियों के लिए मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायक सुझाव दिए।
सभा में उपस्थित डिस्ट्रीक सचिव प्रशासनिक लीनेस विभा भूटानी जी एवं डिस्ट्रीक सचिव सर्विसेज लीनेस सीमा यादव जी ने भी अपने विचार साझा किए और क्लब के विकास तथा सेवा गतिविधियों को और बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
इसके पश्चात डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट लीनेस रश्मि अग्रवाल जी का जीवन परिचय लीनेस राजकुमारी तिवारी जी ने प्रस्तुत किया। डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट लीनेस रश्मि अग्रवाल जी ने क्लब के सेवा कार्यों की प्रशंसा की तथा भविष्य में नए एवं जनहितकारी प्रोजेक्ट शुरू करने के लिए सदस्यों को प्रेरित किया। इस अवसर पर क्लब के पूर्व अध्यक्षों का सम्मान कर क्लब की प्रगति में उनके योगदान, मार्गदर्शन एवं समर्पण के प्रति आभार व्यक्त किया गया। लीनेस मीनाक्षी अग्रवाल जी रहीं प्रोजेक्ट डायरेक्टर
इस संपूर्ण आधिकारिक यात्रा की प्रोजेक्ट डायरेक्टर लीनेस मीनाक्षी अग्रवाल जी रहीं। कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावशाली संचालन लीनेस रुचि सक्सेना जी ने किया तथा लीनेस अनीता तिवारी जी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में रत्न माला पालिया, शरद अग्रवाल, शानू अग्रवाल, सिंधु चंदेल, सरिता मिश्रा एवं कमलेश शर्मा भी उपस्थित थे। क्लब के सभी सदस्यों की सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग से यह आयोजन सफल और यादगार बना। लीनेस क्लब ऑफ दुर्ग सिटी की ओर से डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट लीनेस रश्मि अग्रवाल जी, डिस्ट्रीक सचिव प्रशासनिक लीनेस विभा भूटानी जी, डिस्ट्रीक सचिव सर्विसेज लीनेस सीमा यादव जी, डिस्ट्रिक्ट सचिव होम लीनेस रुचि सक्सेना जी, रीजन ऑफिसर लीनेस रश्मि लखोटिया जी एवं रीजन सचिव लीनेस मीना सिंह जी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया। क्लब ने सेवा,समर्पण एवं सहयोग के संकल्प को दोहराते हुए भविष्य में भी समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
रिपोर्टर - धर्मेंद्र गुप्ता

No Previous Comments found.