मूल्यांकन ने पकड़ी रफ्तार, 27051 कॉपियां जंची
एटा : माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाई स्कूल तथा इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के दूसरे दिन कार्य रफ्तार पकड़ता नजर आया। दूसरे दिन उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन और हो जाने के बाद 27051 कॉपियों का मूल्यांकन पूरा कर लिया गया। उधर जिला विद्यालय निरीक्षक ने मूल्यांकन केंद्र पर पहुंचकर मूल्यांकन की गुणवत्ता को परखा तथा अनुपस्थित परीक्षकों को लेकर नाराजगी जताई।
मूल्यांकन के दूसरे दिन निर्धारित सभी पांच केंद्र पर दूसरे दिन समय से मूल्यांकन कार्य शुरू हो गया। मूल्यांकन से एक घंटा पहले से ही सीसी कैमरे संचालित किया जा रहे हैं वहीं सभी परीक्षाओं के मोबाइल केंद्र के बाहर रखवाने की भी व्यवस्था की गई है। राजकीय इंटर कॉलेज तथा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज पर इंटरमीडिएट के अलावा अविनाशी सहाय आर्य इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तथा क्रिश्चियन इंटर कॉलेज पर हाई स्कूल के उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन चल रहा है। दूसरे दिन चेतावनी के बाद नियुक्त परीक्षकों की संख्या में मामूली इजाफा हुआ। 1627 के सापेक्ष 673 परीक्षक मूल्यांकन में सम्मिलित तो हुए लेकिन नियुक्ति के सापेक्ष संख्या अधिक नहीं बढ़ी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ इंद्रजीत ने अविनाशी सहाय आर्य इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सहित अन्य केंद्र पर पहुंचकर मूल्यांकन कर रहे शिक्षकों से जांची गई उत्तर पुस्तिकाओं का खुद परीक्षण किया। मूल्यांकन बोर्ड के निर्देशानुसार गुणवत्ता पूर्ण करने के निर्देश दिए। यहां बता दें कि जिले को हाईस्कूल की 164845 तथा इंटरमीडिएट की 169128 उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए प्राप्त हुई है। दूसरे दिन कार्य समाप्ति तक 12466 हाई स्कूल की तथा 10145 इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाएं जांची जा चुकी थी। ऐसे में अभी तक मूल्यांकन केंद्रों पर उपस्थिति दर्ज न करने वाले परीक्षकों को फिर से चेतावनी दी गई है। अधिकांश वित्त विहीन स्कूलों के शिक्षक हैं जो कि अभी मूल्यांकन में उपस्थित नहीं हुए हैं।
रिपोर्टर : लखन यादव

No Previous Comments found.