बालिका समानता, सुरक्षा और नेतृत्व को होंगे प्रयास

एटा/ अलीगंज :  बालिकाओं के सशक्तिकरण और जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए स्पेशल प्रोजेक्ट फॉर इक्विटी के अंतर्गत दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन ब्लॉक संसाधन केंद्र अलीगंज पर किया गया। समग्र शिक्षा अभियान और यूनिसेफ के सहयोग से चलाए जा रहे मीना मंच कार्यक्रम के तहत इसका आयोजन हुआ।  संदर्भदाता धीरज पाल सिंह, सोमेंद्र प्रताप सिंह, प्रियंवदा, निहारिका वर्मा, बिम्बसार बौद्ध एवं संजय सिंह ने अंतिम दिवस विकासखंड अलीगंज के सभी कंपोजिट एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के 103 सुगमकर्ताओं को प्रशिक्षित किया।
कार्यशाला में प्रतिभागियों ने अपने विद्यालय में मीना मंच के माध्यम से आयोजित की जा रही गतिविधियों के अनुभव साझा किए। संदर्भदाताओं द्वारा मीना मंच के गठन के उद्देश्य, गठन प्रक्रिया, प्रगति के पंख, आधा फूल कॉमिक्स बुक्स, अरमान मॉड्यूल तथा वीरांगना लक्ष्मीबाई पोर्टल की विस्तृत जानकारी दी। पॉक्सो एक्ट (बाल यौन अपराधों से संरक्षण अधिनियम) पर विशेष सत्र संचालित करते हुए बताया कि बच्चों को इस कानून के प्रति कैसे सजग और जागरूक बनाया जाए। उन्होंने व्यावहारिक तरीकों और स्कूल स्तर पर सतर्कता बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ने सभी सुगमकर्ताओं से कहा कि कार्यशाला में प्राप्त ज्ञान को विद्यालयों में सुचारू रूप से लागू किया जाए। जिला समन्वयक राम लखन ने नए सत्र में मीना मंच का पुनर्गठन सुनिश्चित करने तथा अभिभावकों को भी इस अभियान से जोड़कर जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने बालिका शिक्षा, लिंग समानता, सुरक्षा और नेतृत्व विकास में मीना मंच की भूमिका को रेखांकित किया।
प्रशिक्षण सत्र में बबीता सक्सेना, पूनम सिंह तोमर, आरजूपाल, मीना देवी, लीना, उषा देवी, अनीता पांडे, शशिकांत, अजय मिश्रा, पृथ्वीराज शाक्य, प्रवेश यादव, दीप सिंह, गौरव किशोर, सुभाष चंद्र, सूरजपाल सिंह, गिरीश चंद्र, कप्तान सिंह आदि उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : लखन यादव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.