कृभको केंद्र पर टोकन व्यवस्था से हो रहा यूरिया खाद का वितरण
जलेसर : कृषक भारती कोऑपरेटिव लिमिटेड (कृभको) केंद्र पर किसानों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन के निर्देश पर यूरिया खाद वितरण के लिए टोकन व्यवस्था लागू कर दी गई है। इसका उद्देश्य किसानों को व्यवस्थित तरीके से खाद उपलब्ध कराना और केंद्र पर भीड़ को नियंत्रित करना है। शुक्रवार सुबह यूरिया खाद लेने के लिए बड़ी संख्या में किसान कृभको केंद्र पहुंच गए। भीड़ बढ़ने पर स्थानीय प्रशासन ने टोकन प्रणाली लागू कराई, ताकि किसानों को लंबी कतारों और अव्यवस्था का सामना न करना पड़े। इसके बाद किसानों से आवश्यक अभिलेख लेकर उन्हें क्रमवार टोकन दिए गए और उसी के अनुसार खाद का वितरण शुरू कराया गया।
कृभको केंद्र प्रभारी जगवेंद्र सिंह ने बताया कि केंद्र पर यूरिया खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। किसानों को घबराने या अनावश्यक भीड़ लगाने की जरूरत नहीं है। सभी पात्र किसानों को नियमानुसार उनकी आवश्यकता के अनुसार यूरिया खाद उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि सुबह किसान अपने आवश्यक दस्तावेज जमा कर टोकन प्राप्त करेंगे। इसके बाद टोकन के क्रम के अनुसार खाद का वितरण किया जाएगा, जिससे व्यवस्था सुचारु बनी रहे और सभी किसानों को बिना किसी परेशानी के खाद मिल सके। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और टोकन व्यवस्था का पालन करें। इससे वितरण प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित रहेगी तथा सभी किसानों को समय पर यूरिया खाद उपलब्ध कराई जा सकेगी।
रिपोर्टर : लखन यादव
No Previous Comments found.