श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, पीस कमेटी की बैठक में सहयोग की अपील

एटा : श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में थाना रिजोर परिसर में एसडीएम सदर श्वेता सिंह और सीओ सकीट नीतीश गर्ग की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और धर्मगुरुओं से कांवड़ यात्रा के दौरान शांति, सौहार्द और आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की गई।

बैठक में अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात संचालन और कानून-व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक के बाद एसडीएम और सीओ ने कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, पुलिस सहायता केंद्र, संवेदनशील स्थानों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित विभागों के अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने आमजन से भी प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

रिपोर्टर : लखन यादव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.