हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से राजमिस्त्री की मौत, निर्माणाधीन मकान पर काम करते समय हुआ हादसा
एटा : जिले के निधौली कला थाना क्षेत्र के गांव रमंडपुर में शनिवार को निर्माणाधीन मकान पर काम कर रहे एक राजमिस्त्री की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि सूचना मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मजराऊ निवासी 25 वर्षीय रिंकू गांव रमंडपुर में एक निर्माणाधीन मकान की चिनाई का कार्य कर रहा था। इसी दौरान मकान के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की भी मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर निधौली कला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : लखन यादव
No Previous Comments found.