सुरक्षा, सम्मान और न्याय का नया ठिकाना: इटावा में 'मिशन शक्ति केंद्र' का आगाज
इटावा : जनपद की महिलाओं के लिए आज का दिन एक नई उम्मीद और सुरक्षा का अहसास लेकर आया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने शनिवार को महिला थाना परिसर में नवनिर्मित ‘मिशन शक्ति केंद्र’ का विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया। इस केंद्र की स्थापना का मुख्य उद्देश्य महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना और छेड़छाड़ जैसे मामलों में पीड़ितों को बिना किसी देरी के न्याय दिलाना है। एसएसपी ने उद्घाटन के दौरान स्पष्ट किया कि यह केंद्र न केवल कानूनी कार्यवाही का जरिया बनेगा, बल्कि यहाँ साइबर अपराधों से निपटने और पीड़ित महिलाओं को विशेषज्ञ काउंसलिंग व परामर्श देने की भी पुख्ता व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम के दौरान एसएसपी का रुख बेहद सख्त और संवेदनशील नजर आया। उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़े लहजे में निर्देशित किया कि महिला संबंधी किसी भी शिकायत को ठंडे बस्ते में न डाला जाए। उन्होंने साफ कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उनके अनुसार महिलाओं की सुरक्षा सिर्फ खाकी की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर श्री अभयनाथ त्रिपाठी और क्षेत्राधिकारी नगर श्री अभयनारायण राय सहित महिला थाने की पूरी टीम मौजूद रही। इटावा पुलिस का यह कदम भविष्य में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक क्रांतिकारी बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
रिपोर्टर : देवेन्द्र सिंह

No Previous Comments found.