जिला कृषि अधिकारी ओंमकार सिंह ने किसानों से प्राकृतिक खेती एवं श्री अन्न अपनाने का किया आह्वान

इटावा - कृषि विभाग इटावा द्वारा विकासखंड सैफई में आयोजित ब्लॉक स्तरीय खरीफ गोष्ठी में जिला कृषि अधिकारी श्री ओंमकार सिंह ने किसानों को प्राकृतिक खेती एवं श्री अन्न (मिलेट्स) की महत्ता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। गोष्ठी के दौरान प्रगतिशील किसान अरविंद प्रताप सिंह परिहार ने अपने अनुभव साझा करते हुए किसानों को गौ-आधारित प्राकृतिक खेती, जीवामृत, घनजीवामृत, बीजामृत, प्राकृतिक कीट एवं रोग प्रबंधन तथा कम लागत में अधिक लाभ देने वाली प्राकृतिक खेती की तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती से मिट्टी की उर्वरता बढ़ती है, उत्पादन लागत घटती है और खेती अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बनती है। साथ ही उन्होंने किसानों को श्री अन्न की खेती अपनाने के लिए भी प्रेरित किया। जिला कृषि अधिकारी श्री ओंमकार सिंह ने किसानों से रासायनिक खेती पर निर्भरता कम करते हुए अपनी कृषि भूमि के एक हिस्से से प्राकृतिक खेती की शुरुआत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे मिट्टी, पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य का संरक्षण होगा तथा किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।

गोष्ठी में उपस्थित किसानों ने प्राकृतिक खेती एवं श्री अन्न के प्रति गहरी रुचि दिखाई तथा इसे अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर एडीओ कृषि प्रदीप कुमार, राजकीय बीज भंडार प्रभारी अतेन्द्र सिंह, सतेन्द्र सिंह, संदीप सिंह,  सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

रिपोर्टर - देवेन्द्र

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.