पीपल्दा से फुसेद तक चौथ माता मंदिर मार्ग 5 साल से बदहाल, श्रद्धालुओं में रोष
इटावा - फुसेद पीपल्दा से लेकर फुसेद तक का पूरा सड़क मार्ग बीते 5 साल से खस्ताहाल पड़ा है। ग्राम फुसेद स्थित प्रसिद्ध चौथ माता मंदिर पर आने-जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं को इस बदहाल सड़क के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 5 साल पहले सड़क निर्माण के नाम पर केवल गिट्टी डलवाकर काम अधूरा छोड़ दिया गया। डामरीकरण नहीं होने से पूरी सड़क पर गिट्टी उखड़ गई है और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। तिल चौथ के मेले में हजारों श्रद्धालु आते हैं, तब हालात और बिगड़ जाते हैं। इस सड़क का मामला क्षेत्रीय विधायक चेतन पटेल द्वारा विधानसभा में भी उठाया जा चुका है, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। आए दिन श्रद्धालु और वाहन चालक फिसलकर गिर जाते हैं और चोटिल होते हैं। ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने कहा कि अब प्रदेश और केंद्र में डबल इंजन की सरकार है। सरकार से मांग है कि पीपल्दा से फुसेद तक चौथ माता मंदिर मार्ग सहित सारे क्षेत्र की सड़कों को जल्द सही कराया जाए, ताकि आमजन और भक्तों को राहत मिल सके।
संवाददाता : आकाश बैरवा

No Previous Comments found.