जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने दिए निर्देश
सम्पूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़ 322 शिकायतों में 24 का मौके पर निस्तारण
शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने दिए निर्देश
फतेहपुर - शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तहसील खागा सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के संयुक्त नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में दूर-दराज से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कृषि, राजस्व, पुलिस, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, स्वास्थ्य, चकबंदी, विद्युत, आवास, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, उद्यान, सिंचाई, नलकूप, जल निगम (ग्रामीण), महिला कल्याण, बाल विकास, जिला पूर्ति, पीडब्ल्यूडी, आरईएस तथा भूमि विवाद सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 322 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 24 शिकायतों का मौके पर ही संबंधित अधिकारियों द्वारा निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई हेतु हस्तांतरित किया गया। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि आम जनता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। कोई भी गरीब, जरूरतमंद या पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे, इसके लिए सभी विभागीय अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। वहीं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में तत्परता बरती जाए। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों में मौके पर ही जांच कर समाधान सुनिश्चित कराया। कार्यक्रम में प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों की सक्रिय उपस्थिति रही।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी खागा, पुलिस क्षेत्राधिकारी खागा, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, एलडीएम, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
शारिब कमर फतेहपुर


No Previous Comments found.