वायरल बुखार का कहर, धाता सीएचसी में एक दिन में 117 मरीजों की OPD
फतेहपुर : जिले में बदलते मौसम और लगातार हो रही बारिश के बीच मौसमी बीमारियों ने पैर पसारना शुरू कर दिया है। धाता स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वायरल बुखार, सर्दी-खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।मंगलवार को सीएचसी धाता में कुल 117 मरीजों की ओपीडी दर्ज की गई, जिनमें अधिकांश वायरल बुखार और मौसमी बीमारी से पीड़ित थे। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि मरीजों की जांच और उपचार के लिए चिकित्सकों की टीम पूरी तरह मुस्तैद है। ओपीडी के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार, डॉ. प्रह्लाद सिंह और डॉ. लालबहादुर द्वारा मरीजों का परीक्षण किया गया। सीएचसी में बुखार से पीड़ित मरीजों की आवश्यकतानुसार सीबीसी, केएफटी, एलएफटी, लिपिड प्रोफाइल समेत सभी जरूरी जांचें की जा रही हैं।
इस संबंध में सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेंद्र कुमार ने बताया कि मौसमी बीमारियों को देखते हुए स्वास्थ्य केंद्र पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। स्वाइन फ्लू, मलेरिया और डेंगू को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि बारिश के मौसम में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, घर के आसपास पानी जमा न होने दें, मच्छरों से बचाव करें और स्वच्छ पेयजल का ही प्रयोग करें। बुखार या अन्य कोई लक्षण दिखने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराएं, लापरवाही न बरतें।
रिपोर्टर : शहंशाह आब्दी
No Previous Comments found.