कच्चे मकान पर गिरा महुआ का पेड़, मलबे में दबकर गाय की मौत, 70 हजार का नुकसान

फतेहपुर :  धाता नगर पंचायत के वार्ड नंबर-14 रमाबाई नगर के नगरूवा गांव में मंगलवार सुबह लगातार हो रही बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। मिट्टी धंसने से एक विशाल महुआ का पेड़ उखड़कर कच्चे मकान पर गिर गया। हादसे में मकान में बंधी गाय पेड़ और मलबे के नीचे दब गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।जानकारी के अनुसार नगरूवा निवासी सुषमा देवी पत्नी संतोष सिंह के घर में सुबह करीब 7:30 बजे यह हादसा हुआ। लगातार बारिश से मकान के पास की मिट्टी गीली होकर खिसक गई और महुआ का पेड़ जड़ समेत कच्चे मकान पर आ गिरा। आवाज सुनकर परिवार में अफरा-तफरी मच गई। सुषमा देवी ने बताया कि हादसे की सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ और मलबा हटाकर गाय को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पीड़िता के अनुसार मृत गाय की कीमत लगभग 70 हजार रुपये थी, जो उनके परिवार की आजीविका का बड़ा सहारा थी।घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड सभासद दुर्ग विजय सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस, नगर पंचायत, पशु चिकित्सा विभाग और लेखपाल को सूचना दी। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण सचान ने बताया कि नियमानुसार मृत गाय का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। वहीं पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है। ग्रामीणों ने भी मांग की है कि बरसात में जर्जर मकानों और खतरनाक पेड़ों का सर्वे कराकर उचित कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

रिपोर्टर : शारिब कमर 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.