तेज रफ्तार लोडर ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत,
फतेहपुर : हथगांव थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अधारीपुर गांव के पास तेज रफ्तार लोडर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे 23 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, और दूसरा 17 वर्षीय उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।मिली जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के सरांय बहलोल गांव निवासी लियाकत अली का पुत्र मो० आबिद (23 वर्ष) अपने गांव के ही मो० वाहिद के पुत्र मो० फहद (17 वर्ष) के साथ बाइक से हथगांव कस्बा आ रहा था। जैसे ही उनकी बाइक अधारीपुर गांव के समीप पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि मो० आबिद की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं मो० फहद गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल हथगांव सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे निजी वाहन से जिला अस्पताल ले गए, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने लोडर को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्टर : शहंशाह आब्दी
No Previous Comments found.