श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर सिद्ध पीठ ताम्बेश्वर मंदिर में सजी भव्य झांकी, भक्तों में दिखा उत्साह
फतेहपुर : श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर शहर के प्रसिद्ध सिद्ध पीठ ताम्बेश्वर मंदिर में भव्य झांकी सजाई गई। भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर को फूलों, गुब्बारों और आकर्षक विद्युत झालरों से दुल्हन की तरह सजाया गया था। मंदिर में भगवान श्री कृष्ण की बाल लीलाओं, माखन चोरी, कालिया नाग दमन और राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियां सजाई गईं, जिसने सभी भक्तों का मन मोह लिया।सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। दोपहर बाद झांकी के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतार लग गई। महिला, पुरुष और बच्चों में जन्माष्टमी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। पूरा मंदिर परिसर हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की जयकारों से गूंज उठा।
पुजारी ने बताया कि सिद्ध पीठ ताम्बेश्वर मंदिर में हर वर्ष जन्माष्टमी का पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। इस अवसर पर भगवान का विशेष श्रृंगार किया जाता है और महाभोग का आयोजन होता है। शाम को भगवान की महाआरती की गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंदिर समिति द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे। देर रात तक मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। भक्तों ने भगवान श्री कृष्ण के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
रिपोर्टर : शहंशाह आब्दी
No Previous Comments found.