एंबुलेंस बनी लेबर रूम, ईएमटी ने सड़क किनारे कराया सुरक्षित प्रसव

फतेहपुर : थरियांव थाना क्षेत्र से मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की एक सुखद खबर सामने आई है। यहाँ सरकारी 108 एंबुलेंस कर्मियों की सूझबूझ से एक महिला का सड़क किनारे ही सुरक्षित प्रसव कराया गया, जिससे जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।जानकारी के अनुसार थरियांव थाना क्षेत्र के शुखपुर गांव निवासी महेंद्र की 26 वर्षीय पत्नी अंजू देवी को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजनों ने तत्काल 108 सरकारी एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना पर एंबुलेंस गांव पहुंची और गर्भवती महिला को परिजनों के साथ लेकर जिला अस्पताल के लिए रवाना हुई।जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में अंजू देवी को तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। स्थिति को भांपते हुए एंबुलेंस में तैनात ईएमटी नीलू वर्मा ने समझदारी दिखाते हुए एंबुलेंस को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर रुकवाया और महिला के परिजनों की मदद से एंबुलेंस के अंदर ही सुरक्षित प्रसव कराया। प्रसव के बाद ईएमटी नीलू वर्मा और पायलट बिपिन ने बिना देर किए जच्चा-बच्चा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को पूरी तरह स्वस्थ बताया।इस नेक कार्य के लिए जच्चा के पति महेंद्र और परिजनों ने ईएमटी नीलू वर्मा और पायलट बिपिन का आभार जताया और उनकी जमकर सराहना की। पूरे क्षेत्र में एंबुलेंस कर्मियों के इस कार्य की चर्चा हो रही है।

रिपोर्टर : शारिब कमर

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.