सिरोंचा में युवाओं का भाजपा में प्रवेश, आत्राम के नेतृत्व पर जताया भरोसा
गडचिरोली : सिरोंचा तालुका की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है, जहां विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े अनेक युवा कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में औपचारिक रूप से प्रवेश किया। यह प्रवेश कार्यक्रम सिरोंचा में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के दौरान संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री राजे अम्ब्रिशराव आत्राम की उपस्थिति में युवाओं ने भाजपा का दामन थामा। कार्यक्रम में नवप्रवेशित कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए पार्टी पदाधिकारियों ने उन्हें संगठन की विचारधारा से जुड़कर जनसेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजे अम्ब्रिशराव आत्राम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे प्रेरित होकर बड़ी संख्या में युवा भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि युवाओं की बढ़ती भागीदारी से संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा सिरोंचा तालुका के विकास को नई गति मिलेगी। आत्राम ने नवप्रवेशित युवाओं से अपील की कि वे पार्टी की विचारधारा के अनुरूप ईमानदारी और निष्ठा से कार्य करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य करें।
इस अवसर पर कुमार अवधेशराव बाबा आत्राम,प्रकाश गेडाम,डॉ.नामदेव उसेंडी, संतोष पडालवार,श्रीनाथ राऊत तथा शंकर नरहरी सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि क्षेत्र में भाजपा के प्रति युवाओं का रुझान लगातार बढ़ रहा है।
रिपोर्टर - चंद्रशेखर पुलगम


No Previous Comments found.