नौकरी का झांसा देकर शहीद जवान के परिवार से करोड़ों की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
गड़चिरोली : नौकरी दिलाने का झांसा देकर शहीद जवान के परिवार से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गड़चिरोली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। स्थानीय अपराध शाखा और गड़चिरोली पुलिस स्टेशन की टीम ने महज 24 घंटे के भीतर यह कार्रवाई करते हुए आरोपी को पुणे जिले से हिरासत में लिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 2013 में मौजा तोडगट्टा जंगल क्षेत्र में पुलिस और माओवादी मुठभेड़ के दौरान पुलिस आरक्षक गणपत नेहरू मडावी शहीद हो गए थे। शहीद जवानों के परिजनों को शासन द्वारा अनुकंपा आधार पर नौकरी दी जाती है। इसी आधार पर उनके पुत्र सागर गणपत मडावी ने वर्ग-1 पद के लिए आवेदन किया था।
साल 2022 में सागर मडावी पुणे में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था, उसी दौरान उसकी मुलाकात आरोपी ज्ञानेश्वर शिवाजी वरे (उम्र 30 वर्ष, निवासी वरोडी खुर्द, तहसील भोर, जिला पुणे) से हुई। आरोपी ने मंत्रालय में अपनी पहचान होने का दावा करते हुए सागर को अनुकंपा के तहत उप-जिल्हाधिकारी (वर्ग-1) पद पर नियुक्ति दिलाने का झांसा दिया।
इसके बाद आरोपी ज्ञानेश्वर वरे ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर मंत्रालय के अधिकारियों को रिश्वत देने के नाम पर सागर और उसकी मां मीना मडावी से समय-समय पर नकद, फोन पे और एटीएम के माध्यम से कुल 2 करोड़ 16 लाख 79 हजार 100 रुपये की ठगी की।
इस मामले में 20 अप्रैल 2026 की सुबह गड़चिरोली पुलिस स्टेशन में सागर मडावी की शिकायत पर अपराध क्रमांक 469/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) के अंतर्गत आरोपी और उसके चार साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तेजी से जांच करते हुए आरोपी का पता लगाया और उसे पुणे जिले के राजगड़ पुलिस थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां उसे 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
पुलिस द्वारा मामले के अन्य चार फरार आरोपियों की तलाश जारी है। आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक विजय मुसनवार द्वारा की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) एम. रमेश, अपर पुलिस अधीक्षक अहेरी कार्तिक मधीरा, अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) गोकुल राज, तथा सहायक पुलिस अधीक्षक अनिकेत हिरडे के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के उपनिरीक्षक समाधान दौड़, उपनिरीक्षक विजय मुसनवार और उनकी टीम द्वारा की गई।
रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम


No Previous Comments found.