ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर से पति-पत्नी की मौत, युवक गंभीर घायल

 गडचिरोली : अहेरी-भामरागड मुख्य मार्ग पर गुरुवार शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है। घटना अहेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत तलवाडा गांव के समीप शाम करीब 5.30 बजे घटी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भामरागड तहसील के महाकापडी गांव निवासी मिडको कुम्मा पुंगाटी (48) अपनी पत्नी कुम्मा महारू पुंगाटी के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान तलवाडा गांव से परायणार निवासी 17 वर्षीय युवक आशिष महाका भी उनके साथ वाहन पर बैठा था। तलवाडा से लगभग तीन किलोमीटर आगे बढ़ते ही पीछे से तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि युवक को सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं।
घटना की जानकारी मिलते ही टाइगर ग्रुप के सदस्य साई तुलसीगिरी तथा एम्बुलेंस चालक समीर सलाम शेख तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार हेतु अहेरी उपजिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद मिडको पुंगाटी और उनकी पत्नी को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल युवक का उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में काफी परेशानी हुई। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
इस मामले में एम्बुलेंस चालक समीर शेख की शिकायत पर अहेरी पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता एवं मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक दिनेश येवले मामले की जांच कर रहे हैं तथा फरार चालक की तलाश जारी है।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.