सिरोंचा में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत, दोपहर की धूप में घंटों लाइन में खड़े रहे उपभोक्ता
गडचिरोली : जिले के सिरोंचा तहसील में घरेलू गैस सिलेंडर की भारी कमी से नागरिकों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार दोपहर करीब 2 बजे सिरोंचा स्थित पलक एचपी गैस सेंटर के सामने गैस उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। जानकारी के अनुसार करीब दो सौ से अधिक गैस सिलेंडर धारक खाली सिलेंडर लेकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद महिलाएं, बुजुर्ग एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिक घंटों तक लाइन में खड़े रहे। तहसील के दूर-दराज गांवों से कई लोग सुबह से ही ऑटो और अन्य वाहनों के माध्यम से खाली सिलेंडर लेकर पहुंचे थे, लेकिन गैस वितरण की धीमी व्यवस्था के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
उपभोक्ताओं ने बताया कि पिछले कई दिनों से गैस सिलेंडर समय पर उपलब्ध नहीं हो रहे हैं, जिससे घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है। कई परिवारों को भोजन बनाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पर्याप्त गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं होने के कारण हर बार लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता है।
लाइन में खड़े नागरिकों ने प्रशासन एवं गैस एजेंसी से तत्काल अतिरिक्त गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने, वितरण व्यवस्था सुचारू करने तथा उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि भीषण गर्मी में घंटों इंतजार करना बेहद कष्टदायक है और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए स्थायी समाधान आवश्यक है।
स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर सिरोंचा तहसील में गैस आपूर्ति नियमित करने की मांग उठाई है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम

No Previous Comments found.