दुर्गम सिरोंचा की बेटियों ने रचा इतिहास : KGBV की 8 छात्राओं ने छात्रवृत्ति परीक्षा में लहराया सफलता का परचम
गडचिरोली : गडचिरोली जिले के अतिदुर्गम सिरोंचा क्षेत्र से एक बार फिर बेटियों की प्रतिभा ने सफलता की नई मिसाल पेश की है। सिरोंचा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) की 8 छात्राओं ने पूर्व माध्यमिक छात्रवृत्ति परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर विद्यालय के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हाल ही में घोषित कक्षा 8वीं छात्रवृत्ति परीक्षा के परिणाम में विद्यालय की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह साबित कर दिया कि संसाधनों की कमी और ग्रामीण परिस्थितियां भी प्रतिभा के आगे बाधा नहीं बन सकतीं।
ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय लगातार शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर परिणाम दे रहा है। इस वर्ष भी विद्यालय की छात्राओं ने कठिन मानी जाने वाली छात्रवृत्ति परीक्षा में सफलता प्राप्त कर शिक्षकों के मार्गदर्शन और अपनी मेहनत का परिचय दिया है।
विद्यालय की छात्रा कु. जमुना समय्या दुर्गम ने 70 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया, जबकि कु. हर्षिता सडवली कारसपल्ली ने 68.66 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अन्य छात्राओं ने भी उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को सिद्ध किया।
सफल छात्राओं के नाम एवं प्राप्तांक प्रतिशत इस प्रकार हैं :
कु. अक्षता प्रभाकर दुर्गे – 59.33 प्रतिशत
कु. अमिता सीनू सीरंगी – 60.66 प्रतिशत
कु. अनुग्रा बापू कोंडगोर्ला – 54.66 प्रतिशत
कु. अनुशा व्यंकटी सावतकारी – 56.00 प्रतिशत
कु. जमुना समय्या दुर्गम – 70.00 प्रतिशत
कु. हिंदू मोहन कुम्मरी – 57.33 प्रतिशत
कु. हर्षिता सडवली कारसपल्ली – 68.66 प्रतिशत
कु. अनुवर्षिनी रमेश पोट्टाला – 58.66 प्रतिशत
इस उल्लेखनीय सफलता पर विद्यालय की मुख्याध्यापिका कु. मनीषा साखरे ने सभी छात्राओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी छात्राओं ने अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर यह सफलता प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणादायी साबित होगी।
विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारियों तथा शाला प्रबंधन समिति ने सफल छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं सिरोंचा क्षेत्र में भी इन प्रतिभाशाली बेटियों की सफलता को लेकर खुशी का माहौल है और विभिन्न स्तरों से छात्राओं पर शुभकामनाओं की बारिश हो रही है।
रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम

No Previous Comments found.