एटापल्ली बस स्टैंड पर वर्षभर शुरू की मुफ्त ठंडे पानी की सेवा, यात्रियों ने की सराहना
गडचिरोली : गडचिरोली जिले के एटापल्ली बस स्थानक परिसर में सामाजिक सरोकार का एक प्रेरणादायी उदाहरण देखने को मिला है। भीषण गर्मी और सालभर यात्रियों को स्वच्छ व ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संस्कार संस्था एटापल्ली की ओर से बस स्थानक के समीप स्थित संस्कार सेवा केंद्र में मुफ्त ठंडे पानी की पाणपोई सेवा शुरू की गई है। इस मानवीय पहल का नागरिकों और यात्रियों द्वारा जोरदार स्वागत किया जा रहा है।
संस्था की इस सामाजिक सेवा के लिए गांव के सेवाभावी नागरिक पुरुषोत्तम गादेवार, अश्विनी मेडीवार, आशीष मेडिवार, गजाननजी गादेवार तथा आचार्य अग्रवाल ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया है। उनके सहयोग से यह सुविधा सफलतापूर्वक शुरू हो सकी है, जिससे प्रतिदिन बस स्थानक परिसर में आने-जाने वाले सैकड़ों यात्रियों को राहत मिल रही है।
इस पाणपोई सेवा की सबसे विशेष बात यह है कि संस्था के स्वयंसेवक केवल पानी उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बस स्थानक पर ठहरे हुए बुजुर्ग, अशक्त एवं जरूरतमंद यात्रियों तक स्वयं जाकर ठंडे पानी की बोतलें पहुंचा रहे हैं। पूरी सेवा सामाजिक जिम्मेदारी और मानवता की भावना से संचालित की जा रही है, जिसकी स्थानीय स्तर पर जमकर प्रशंसा हो रही है।
संस्था के अध्यक्ष विजय संस्कार (सुंकेपाकवार) तथा सचिव पूजा संस्कार (दासरवार) ने बताया कि यह सेवा केवल गर्मी के मौसम तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे वर्षभर निरंतर जारी रखी जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि इस सुविधा का उपयोग स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखते हुए करें।
संस्कार संस्था के स्वयंसेवक राकेश नरोटे, प्रकाश तिम्मा और अतुल कावळे भी इस सेवा में सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं। स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और यात्रियों ने संस्था के इस उपक्रम को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए अन्य सामाजिक संगठनों से भी ऐसे जनहितकारी कार्यों के लिए आगे आने की अपील की है।
एटापल्ली में शुरू की गई यह पहल न केवल प्यासे यात्रियों को राहत दे रही है, बल्कि समाज में सेवा और संवेदनशीलता का संदेश भी मजबूत कर रही है।
रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम

No Previous Comments found.