चामोर्शी दुष्कर्म कांड के आरोपियों को मिले कड़ी से कड़ी सजा;पूर्व विधायक डॉ. देवराव होली ने पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन
गडचिरोली : चामोर्शी में एक नाबालिग बालिका के साथ हुई अमानवीय दुष्कर्म की घटना के आरोपियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग को लेकर पूर्व विधायक एवं भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. देवराव होली ने गडचिरोली के पुलिस अधीक्षक एम. रमेश से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान जिले में महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ बढ़ रही अत्याचार की घटनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। डॉ. होली ने ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी उपाय लागू करने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
इस पर पुलिस अधीक्षक एम. रमेश ने बताया कि उक्त मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 280/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 64(1), 65(2) तथा पॉक्सो अधिनियम 2012 की धारा 4 और 6 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को पूर्ण सुरक्षा प्रदान की गई है तथा आरोपी को कठोर सजा दिलाने के लिए पुलिस विभाग हर संभव प्रयास करेगा। मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है और न्यायालय में मजबूत साक्ष्य प्रस्तुत किए जाएंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रा. रमेश बारसागड़े, दिलीप चलाख सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
चामोर्शी की इस घटना को लेकर जिलेभर में आक्रोश का माहौल है। सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने भी दोषियों को कड़ी सजा देकर ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।
रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम
No Previous Comments found.