गड़चिरोली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू का अवैध कारोबार बेनकाब, पांच आरोपी गिरफ्तार
गड़चिरोली : महाराष्ट्र में प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए गड़चिरोली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने गोकुलनगर क्षेत्र में छापेमारी कर प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों का अवैध भंडारण करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 2 लाख 15 हजार 710 रुपये मूल्य का प्रतिबंधित तंबाकू एवं अन्य सामग्री जब्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य शासन द्वारा सुगंधित तंबाकू की बिक्री, भंडारण और परिवहन पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद जिले में कुछ लोग अवैध रूप से इसका कारोबार कर रहे थे। इस पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के निर्देश पर जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 20 जून को सहायक पुलिस अधीक्षक अनिकेत हिरेडे को गोपनीय सूत्रों से सूचना मिली कि गोकुलनगर निवासी विवेक अवधराम गुप्ता अपने घर एवं किराए के मकान में प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू का बड़े पैमाने पर भंडारण कर बिक्री कर रहा है। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने पंचों की मौजूदगी में दोनों स्थानों पर एक साथ छापेमारी की।
तलाशी के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद बरामद हुए। जब्त सामग्री में 82 पैकेट ईगल हुक्का शीशा तंबाकू, बड़ी मात्रा में कच्ची सुपारी, ईगल शीशा खरा पाउच तथा अन्य सामग्री शामिल है। जब्त किए गए माल की कुल कीमत 2,15,710 रुपये आंकी गई है।
मामले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र कुंजाम की शिकायत पर गड़चिरोली पुलिस स्टेशन में विवेक अवधराम गुप्ता (21), अरविंद अवधराम गुप्ता (31), यश सुभाष चव्हाण (31), अजय सतीश गेडाम (31) तथा अनिकेत घनश्याम बांबोले (27) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की विभिन्न धाराओं तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच पुलिस कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक एम. रमेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अभियान) कार्तिक मधिरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) और सहायक पुलिस अधीक्षक अनिकेत हिरेडे के मार्गदर्शन में गड़चिरोली पुलिस स्टेशन की टीम द्वारा सफलतापूर्वक अंजाम दी गई।
प्रतिबंधित तंबाकू के खिलाफ गड़चिरोली पुलिस की यह कार्रवाई जिले में अवैध कारोबार करने वालों के लिए कड़ा संदेश मानी जा रही है।
रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम
No Previous Comments found.