दुचाकी के सामने अचानक आया जंगली हाथी, जान बचाने को भागे युवक को दौड़ाकर कुचला; मौके पर दर्दनाक मौत
गडचिरोली : महाराष्ट्र के सावली तालुका में जंगली हाथियों के बढ़ते आतंक ने एक और जान ले ली। व्याहाड़ निवासी अतुल गोहने की गुरुवार को उस समय दर्दनाक मौत हो गई, जब वे अपनी मोटरसाइकिल से सोनापुर की ओर जा रहे थे। व्याहाड़–सोनापुर मार्ग पर अचानक उनकी बाइक के सामने एक जंगली हाथी आ गया।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, हाथी को सामने देखकर अतुल गोहने ने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी बाइक सड़क पर ही छोड़ दी और जान बचाने के लिए दौड़ पड़े। लेकिन उग्र हाथी ने उनका पीछा किया और उन पर हमला कर दिया। इस भीषण हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और वन विभाग ने पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि पिछले कई सप्ताह से सावली वन क्षेत्र में जंगली हाथियों का लगातार विचरण जारी है। हाथियों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं पहले से सामने आती रही हैं, लेकिन अब मानव जीवन भी गंभीर खतरे में पड़ गया है। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त है।
इस दर्दनाक घटना के बाद वन विभाग की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने हाथियों की गतिविधियों की प्रभावी निगरानी, समय पर चेतावनी प्रणाली और संवेदनशील इलाकों में तत्काल सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है।
फिलहाल हाथी के हमले और मौत की यह जानकारी प्रारंभिक है। घटना के वास्तविक कारण और विस्तृत तथ्य वन विभाग की आधिकारिक जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे।
रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम
No Previous Comments found.