गढ़चिरौली के 62 बच्चों की मुंबई में होगी निःशुल्क हृदय सर्जरी

 गडचिरोली : गढ़चिरौली जैसे दूरस्थ और आदिवासी बहुल जिले के हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के लिए राज्य मंत्री एवं जिले के सहपालकमंत्री एड. आशीष जायसवाल के सतत प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। उनकी विशेष पहल पर मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कक्ष, डॉ. श्रीकांत शिंदे फाउंडेशन, ज्युपिटर हॉस्पिटल, आरोग्यदूत फाउंडेशन तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित बाल हृदय जांच शिविर में 346 बच्चों की अत्याधुनिक 2D Echo जांच की गई।

जांच के बाद 52 बच्चों को हृदय सर्जरी के लिए पात्र पाया गया है, जबकि अन्य 10 बच्चों की मुंबई में विस्तृत जांच की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर इन बच्चों की भी निःशुल्क हृदय सर्जरी कराई जाएगी। इस प्रकार कुल 62 बच्चों को इस विशेष स्वास्थ्य पहल का लाभ मिलेगा।
इन सभी 62 बच्चों के लिए गढ़चिरौली से मुंबई तक आने-जाने की यात्रा, अभिभावकों के रहने एवं भोजन की व्यवस्था, अस्पताल में उपचार, हृदय सर्जरी तथा आवश्यक सभी चिकित्सकीय सेवाओं का पूरा खर्च निःशुल्क वहन किया जाएगा। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह पहल बड़ी राहत साबित होगी।
गढ़चिरौली के जरूरतमंद बच्चों को मुंबई में अत्याधुनिक हृदय उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सहपालकमंत्री एड. आशीष जायसवाल ने डॉ. श्रीकांत शिंदे चिकित्सा सहायता कक्ष, ज्युपिटर हॉस्पिटल, आरोग्यदूत फाउंडेशन तथा संबंधित संस्थाओं के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया। उनके प्रयासों से बड़े स्तर पर बाल हृदय जांच शिविर आयोजित किया गया और जिन बच्चों को सर्जरी की आवश्यकता है, उन्हें समय पर निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
इस अवसर पर सहपालकमंत्री एड. आशीष जायसवाल ने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी बच्चा उपचार से वंचित न रहे, यही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। सर्जरी के लिए चयनित सभी 62 बच्चों को सुरक्षित रूप से मुंबई ले जाने, उनके अभिभावकों के ठहरने की व्यवस्था करने तथा इलाज और सर्जरी का पूरा खर्च वहन करने की समुचित योजना बनाई गई है।
गढ़चिरौली में 346 बच्चों की हृदय जांच कर उनमें से 62 बच्चों को निःशुल्क हृदय सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराने वाला यह अभियान जिले की बाल स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देने के साथ-साथ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के लिए अत्याधुनिक उपचार का महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.