बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने वालों पर मामला दर्ज,जिलाधिकारी की अपील – कानून हाथ में न लें,अफवाहों से रहें सावधान
गड़चिरोली : गड़चिरोली जिले के चामोर्शी तहसील स्थित मुधोली चेक पोस्ट क्षेत्र के नो-फ्लाइंग ज़ोन में बिना प्रशासनिक अनुमति ड्रोन उड़ाने के मामले में आष्टी पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस घटना के दौरान कुछ नागरिकों द्वारा संबंधित व्यक्तियों को रोककर रखने की घटना भी सामने आई, जिसके बाद जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने लोगों से कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई की दोपहर ड्रोन उड़ाए जाने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर जांच की गई। जांच में पाया गया कि संबंधित व्यक्तियों के पास ड्रोन उड़ाने की आवश्यक अनुमति नहीं थी। इसके बाद शिवम कलोळे, सचिन विश्वकर्मा और प्रवीण पोटेवार के विरुद्ध आष्टी पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 193/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। इसकी जानकारी जिला पुलिस अधीक्षक एम. रमेश ने दी।
इस संबंध में जिलाधिकारी एवं जिला दंडाधिकारी अविश्यांत पंडा ने स्पष्ट किया कि चामोर्शी क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया दो महीने के लिए स्थगित है और वर्तमान में इस संबंध में कोई प्रशासनिक कार्रवाई नहीं चल रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या गलत जानकारी पर विश्वास न करें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि कानून अपने हाथ में लेने, शांति भंग करने या सुरक्षा व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम
No Previous Comments found.