गड़चिरोली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब और चारपहिया वाहन सहित 8.24 लाख रुपये का माल जब्त, आरोपी फरार

गड़चिरोली :  महाराष्ट्र में शराबबंदी लागू होने के बावजूद गड़चिरोली जिले में अवैध शराब की तस्करी के प्रयास लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसे मामलों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश पुलिस अधीक्षक एम. रमेश द्वारा दिए गए हैं। इसी क्रम में 11 जुलाई 2026 को सहायक पुलिस अधीक्षक अनिकेत हिरडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चामोर्शी थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध देशी-विदेशी शराब और एक चारपहिया वाहन सहित 8 लाख 24 हजार रुपये का माल जब्त किया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महिंद्रा एक्सयूवी (MH-49-AE-5925) में अवैध रूप से देशी और विदेशी शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कुनघाड़ा फाटा के पास घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक राजेंद्र सपन मंडल (27), निवासी कुनघाड़ा, तहसील चामोर्शी ने यू-टर्न लेकर भागने की कोशिश की और रास्ते में एक अन्य चारपहिया वाहन को टक्कर मार दी।

इसके बाद पुलिस टीम ने निजी वाहन की सहायता से आरोपी का पीछा किया। टायरों के निशानों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर तलाश जारी रखी गई। बाद में आरोपी का वाहन नवरगांव जंगल क्षेत्र में पोटेगांव मार्ग पर लावारिस अवस्था में मिला, जबकि आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।  वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस ने 3,500 बोतल (90 एमएल) रॉकेट संत्रा देशी शराब, 24 कैन हेवर्ड्स 5000 बीयर (500 एमएल), 48 बोतल (180 एमएल) रॉयल स्टैग विदेशी शराब, 100 निप (90 एमएल) रॉयल स्टैग तथा शराब तस्करी में इस्तेमाल की गई महिंद्रा एक्सयूवी जब्त की। जब्त किए गए माल और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 8,24,000 रुपये बताई गई है। इस मामले में चामोर्शी पुलिस थाना में अपराध क्रमांक 357/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, महाराष्ट्र दारूबंदी अधिनियम की धारा 65(अ), 98 तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक शाहू दंडे कर रहे हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) कार्तिक मधीरा एवं अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) गोकुल राज जी. के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस अधीक्षक अनिकेत हिरडे और उनकी टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दी।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.