अहेरी महिला एवं बाल अस्पताल के सामने एसटी बस स्टॉप शुरू करने की मांग

गड़चिरोली : महाराष्ट्र के गड़चिरोली जिले के अहेरी स्थित महिला एवं बाल अस्पताल के सामने महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (एमएसआरटीसी) का अधिकृत एसटी बस स्टॉप शुरू करने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सचिन दिगंबर येरोजवार एवं आयुष मामीडवार ने अहेरी एसटी आगार के आगार प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया है कि अहेरी महिला एवं बाल अस्पताल में प्रतिदिन उपविभाग के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाएं, नवजात शिशु, छोटे बच्चे, बुजुर्ग, दिव्यांग तथा विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। लेकिन अस्पताल के सामने एसटी बस का अधिकृत ठहराव नहीं होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को लगभग डेढ़ से दो किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय कर मुख्य बस स्टैंड तक आना-जाना पड़ता है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ज्ञापन में विशेष रूप से उल्लेख किया गया है कि गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं के साथ यात्रा करने वाली माताओं, दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों तथा गंभीर रूप से बीमार मरीजों के लिए यह स्थिति अत्यंत कष्टदायक है। बस स्टैंड तक पैदल जाने या निजी वाहनों का सहारा लेने की मजबूरी के कारण उन पर अतिरिक्त आर्थिक, शारीरिक एवं मानसिक बोझ पड़ता है।

इसी को ध्यान में रखते हुए सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि महिला एवं बाल अस्पताल के सामने अथवा उसके समीप तत्काल अधिकृत एसटी बस स्टॉप शुरू किया जाए तथा अहेरी आगार से आने-जाने वाली संबंधित बसों को नियमित रूप से यहां ठहराव देने के निर्देश जारी किए जाएं।

ज्ञापन में कहा गया है कि यदि अस्पताल के सामने एसटी बस स्टॉप शुरू किया जाता है, तो प्रतिदिन आने वाले हजारों मरीजों, उनके परिजनों और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अधिक जनहितैषी एवं मरीजों के लिए सुविधाजनक बन सकेगी।

रिपोर्टर : संजय यमसलवार 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.