37वीं बटालियन में सीआरपीएफ का 88वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया

गढ़चिरौली - केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 88वें स्थापना दिवस के अवसर पर 37वीं बटालियन द्वारा स्थापना दिवस (Raising Day) समारोह का आयोजन हर्षोल्लास,उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात क्वार्टर गार्ड पर नए ध्वज का विधिवत ध्वजारोहण किया गया। यह ध्वज सीआरपीएफ के गौरव, अनुशासन, एकता और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। समारोह 37वीं बटालियन के कमांडेंट (AOL) श्री श्रीमन नारायण पाठक के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर उप कमांडेंट चंचल परवाना,उप कमांडेंट श्री अनिल चंद्रमोरे तथा वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ.वरुण मिश्रा सहित बटालियन के अधिकारी, जवान और उनके परिजन उपस्थित रहे।

सीआरपीएफ का गौरवशाली इतिहास

केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की स्थापना 27 जुलाई 1939 को मध्य प्रदेश के नीमच में ‘क्राउन रिप्रेजेंटेटिव पुलिस’ (CRP) के रूप में हुई थी। स्वतंत्रता के पश्चात वर्ष 1949 में इसका नाम बदलकर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) कर दिया गया। आज सीआरपीएफ देश की आंतरिक सुरक्षा, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अभियान, आतंकवाद विरोधी कार्रवाई तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

कमांडेंट ने जवानों को दी शुभकामनाएं

अपने संबोधन में कमांडेंट श्री श्रीमन नारायण पाठक ने सीआरपीएफ के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्र सेवा में बल के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी अधिकारियों, जवानों और उनके परिजनों को सीआरपीएफ के 88वें स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

पुलिस पदक से सम्मानित जवानों का किया गया सत्कार

समारोह के दौरान पुलिस पदक (PMG) से सम्मानित 37वीं बटालियन के कार्मिकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनकी वीरता और साहस की गाथाएं साझा की गईं, जिससे उपस्थित जवानों में राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण और प्रेरणा का संचार हुआ। कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों और जवानों को कर्तव्यनिष्ठा,अनुशासन तथा टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों, जवानों और परिजनों को मिठाई वितरित कर कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया।

रिपोर्टर - संजय यमसलवार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.