गडचिरोली-चिमूर लोकसभा संयोजक नियुक्त, संगठन विस्तार और ओबीसी समाज को मजबूत करने की सौंपी जिम्मेदारी

गडचिरोली : शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के ओबीसी विभाग ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अहेरी निवासी नरेंद्र कंदलदुवार को गडचिरोली-चिमूर लोकसभा संयोजक नियुक्त किया है। नियुक्ति  शिवसेना ओबीसी विभाग के पूर्व विदर्भ अध्यक्ष प्रवीण डी. कलंबे ने किया हैं।

जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार, यह निर्णय हिंदू हृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे के विचारों तथा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना के प्रमुख नेता एकनाथ शिंदे के मार्गदर्शन में लिया गया है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि नरेंद्र कंदलदुवार को संगठन की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, ओबीसी समाज को संगठन से जोड़ने तथा गडचिरोली-चिमूर लोकसभा क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नियुक्ति पत्र में यह भी उल्लेख है कि यह नियुक्ति अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी। साथ ही संगठन की अपेक्षाओं के अनुरूप सक्रिय रूप से कार्य करते हुए ओबीसी विभाग का विस्तार करने तथा संगठन को मजबूत बनाने का विश्वास व्यक्त किया गया है।

हर महीने देना होगा कार्यों का विवरण

शिवसेना ओबीसी विभाग ने नियुक्ति पत्र में विशेष निर्देश देते हुए कहा है कि नवनियुक्त संयोजक को प्रत्येक माह किए गए संगठनात्मक कार्यों का लिखित प्रतिवेदन विभाग के समक्ष प्रस्तुत करना होगा। इससे संगठन की गतिविधियों की नियमित समीक्षा की जा सकेगी और आगामी कार्यक्रमों की प्रभावी रूपरेखा तैयार की जाएगी।

क्षेत्र में संगठन को मिलेगी नई मजबूती

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि गडचिरोली-चिमूर लोकसभा क्षेत्र आदिवासी एवं ओबीसी बहुल क्षेत्र है। ऐसे में नरेंद्र कंदलदुवार की नियुक्ति से शिवसेना ओबीसी विभाग को ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक विस्तार देने में मदद मिल सकती है। संगठन अब बूथ स्तर तक अपनी सक्रियता बढ़ाने और समाज के विभिन्न वर्गों से संपर्क अभियान चलाने की तैयारी में है।

नियुक्ति के बाद शिवसेना पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा समर्थकों ने नरेंद्र कंदलदुवार को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में गडचिरोली-चिमूर लोकसभा क्षेत्र में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा ओबीसी समाज के बीच पार्टी का जनाधार बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाएगी।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.