गोदावरी का भयावह मंजर: नदी किनारे मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में सनसनी
गड़चिरोली : सिरोंचा तहसील के आसरेली पुलिस थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आसरेली गांव से लगभग 3 किलोमीटर दूर बोर्ला रामचंद्रम के खेत के समीप गोदावरी नदी किनारे शव दिखाई देने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर आसरेली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पंचों की उपस्थिति में घटनास्थल का पंचनामा कर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 अगस्त 2026 को सुबह करीब 10 से 10:30 बजे सूचना मिली कि आसरेली से लगभग 3 किलोमीटर बोरायगुडम फाटा के समीप पश्चिम दिशा में गोदावरी नदी के बाढ से बोर्ला रामचंद्रम के खेत में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र लगभग 32 वर्ष आंकी गई है। शव कई दिनों तक पानी में रहने के कारण सड़न की अवस्था में था। मृतक ने काले रंग की आधी बांह की टी-शर्ट पहन रखी थी, जिस पर अंग्रेजी में "USA Originals" लिखा हुआ था। उसने नीले रंग की फुल पैंट पहन रखी थी। बायां पैर घुटने के नीचे तथा दायां पैर टखने के पास तक क्षतिग्रस्त मिला, जबकि दाहिने हाथ की चार उंगलियां सुरक्षित थीं।
शव की तलाशी के दौरान कोई पहचान पत्र, मोबाइल या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। इससे मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस का अनुमान है कि लगातार हो रही बारिश और गोदावरी नदी के तेज बहाव के कारण शव किसी दूरस्थ क्षेत्र से बहकर यहां पहुंचा हो सकता है। हालांकि, पुलिस हत्या सहित अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आसरेली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की गुमशुदगी की जानकारी हो अथवा शव की पहचान के संबंध में कोई सूचना हो तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या आसरेली पुलिस से संपर्क करें।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है।
रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम
No Previous Comments found.