गोकुलाष्टमी पर अहेरी में भव्य दहीहंडी प्रतियोगिता का आयोजन

गढ़चिरौली - गोकुलाष्टमी एवं विश्व हिंदू परिषद स्थापना दिवस के अवसर पर बजरंग दल,श्रीराम जन्मोत्सव समिति अहेरी तथा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव समिति अहेरी के संयुक्त तत्वावधान में अहेरी में भव्य दहीहंडी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित इस प्रतियोगिता को नागरिकों का उत्स्फूर्त प्रतिसाद मिला। कार्यक्रम का उद्घाटन एवं विशेष अतिथि के रूप में हर्षवर्धन बाबा आत्राम,पूर्व सदस्य,पंचायत समिति अहेरी उपस्थित रहे। वहीं प्रमुख वक्ता के रूप में विनयजी मडावी,पूर्व चंद्रपुर विभाग बजरंग दल संयोजक तथा सदाशिवजी माकडे,जिला मंत्री,विश्व हिंदू परिषद ने उपस्थित लोगों का मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा का पूजन एवं दीप प्रज्वलन कर की गई। इस अवसर पर उपस्थित मान्यवरों ने गोकुलाष्टमी, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं विश्व हिंदू परिषद स्थापना दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित नागरिकों को संबोधित किया। आयोजकों की ओर से सभी मान्यवरों का शाल एवं श्रीफल देकर सत्कार किया गया।

चार गोविंदा पथकों ने लिया हिस्सा

दहीहंडी प्रतियोगिता में कुल चार गोविंदा पथकों ने भाग लिया। इनमें व्यंकटरावपेठा के दो पथक, अबनपल्ली का एक पथक तथा अहेरी का एक गोविंदा पथक शामिल था। गोविंदाओं ने एक-दूसरे के ऊपर मानव पिरामिड बनाकर दहीहंडी फोड़ने के लिए जोरदार प्रयास किए। गोविंदा पथकों के रोमांचक प्रदर्शन से कार्यक्रम स्थल पर उत्साह का माहौल बना रहा।

5.80 सेकंड में दही हंडी फोड़कर गोंडवाना सी.सी. विजेता

प्रतियोगिता में गोंडवाना सी.सी. गोविंदा पथक, व्यंकटरावपेठा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महज 5.80 सेकंड में दहीहंडी फोड़कर प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता पथक को 51 हजार रुपये नकद पुरस्कार एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता के लिए निर्धारित 51 हजार रुपये का पुरस्कार डॉ. राजे धर्मराव बाबा आत्राम, पूर्व मंत्री एवं विधायक, अहेरी विधानसभा क्षेत्र की ओर से प्रदान किया गया।

आयोजकों व कार्यकर्ताओं ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

कार्यक्रम का प्रभावी संचालन एवं आभार प्रदर्शन सचिन येरोजवार ने किया। उनके जोशीले एवं प्रभावी सूत्रसंचालन से कार्यक्रम में विशेष रंगत देखने को मिली। प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए देवेंद्र खतवार, आदित्यराव जक्कोजवार, श्रीकांत गद्देवार, प्रणित श्रीरामवार, पंकज आईंचवार, राहुल आत्राम, स्वप्नील सल्लावार, अक्षय संतोषवार, सोनू पुरोहित, शंकर दंडकीवार, कृष्णा गुप्ता एवं प्रथम आईंचवार सहित बजरंग दल, श्रीराम जन्मोत्सव समिति तथा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव समिति के स्वयंसेवकों एवं कार्यकर्ताओं ने अथक प्रयास किए।

रिपोर्टर - संजय यमसलवार 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.