प्रधानमंत्री के सामने गूंजेगी गडचिरोली के युवाओं की आवाज!
गडचिरोली - के युवाओं के लिए एक बड़ी और सुनहरी अवसर की शुरुआत हो गई है। भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में युवाशक्ति की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ‘विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2027’ राष्ट्रीय उपक्रम शुरू किया गया है। इस अभियान की पहली सीढ़ी ‘विकसित भारत क्विज’ है। इस पहल के माध्यम से गडचिरोली जिले के युवाओं को अपनी नई सोच, नवाचार, नेतृत्व क्षमता और विकास से जुड़े विचारों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। विभिन्न चरणों में चयनित युवा प्रतिनिधियों को अंतिम रूप से प्रधानमंत्री के समक्ष ‘विकसित भारत’ के निर्माण को लेकर अपने विचार रखने का अवसर मिल सकता है।
गडचिरोली के युवाओं के लिए बड़ा मंच
आदिवासी बहुल गडचिरोली जिला विकास की अनेक चुनौतियों के साथ-साथ अपार संभावनाओं से भी भरा हुआ है। यहां के युवा आदिवासी क्षेत्र का विकास, बेहतर कनेक्टिविटी, रोजगार, उद्योग, तकनीक, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय समस्याओं के नवोन्मेषी समाधान जैसे विषयों पर अपनी सोच देश के सामने रख सकते हैं। ‘विकसित भारत चैलेंज’ के तहत युवाओं के विचारों के लिए भविष्य का प्रशासन, जलवायु सुरक्षा, जनसांख्यिकीय लाभांश, सतत औद्योगिकीकरण, कनेक्टिविटी, विनिर्माण क्षेत्र, आदिवासी नेतृत्व, नवाचार, फ्रंटियर टेक्नोलॉजी और ब्लू इकॉनमी जैसे दस महत्वपूर्ण विषय निर्धारित किए गए हैं।
क्विज से दिल्ली तक—पांच चरणों में होगा चयन
इस राष्ट्रीय युवा नेतृत्व अभियान की चयन प्रक्रिया पांच चरणों में होगी — विकसित भारत क्विज → विकसित भारत निबंध प्रतियोगिता → जिला स्तरीय चैंपियनशिप → राज्य/केंद्रशासित प्रदेश स्तरीय युवा नेतृत्व संवाद → राष्ट्रीय विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2027 ‘विकसित भारत क्विज’ का आयोजन 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है। इसके बाद 5 से 19 अक्टूबर तक निबंध प्रतियोगिता, 10 से 16 नवंबर तक जिला स्तरीय चैंपियनशिप और 17 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक राज्य/केंद्रशासित प्रदेश स्तरीय युवा नेतृत्व संवाद आयोजित किया जाएगा। इस पूरी चयन प्रक्रिया के बाद राष्ट्रीय स्तर का अंतिम कार्यक्रम 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।
30 सितंबर तक युवाओं से भाग लेने की अपील
गडचिरोली जिले के अधिक से अधिक युवाओं से इस राष्ट्रीय अभियान में सहभागी होने की अपील की गई है। 30 सितंबर 2026 तक ‘विकसित भारत क्विज’ में भाग लेकर युवा अपनी प्रतिभा और विचारों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचा सकते हैं। “गडचिरोली के युवाओं की सोच, नवाचार और नेतृत्व क्षमता को देश के विकास की दिशा देने का यह बड़ा अवसर है। युवा आगे आएं और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं,” ऐसा आह्वान युवा भारत के सारंग मेश्राम ने किया है
रिपोर्टर - चंद्रशेखर पुलगम
No Previous Comments found.