अहेरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई; होंडा सिटी से 3 हजार नग देशी शराब जब्त
गढ़चिरौली : गढ़चिरौली जिले के अहेरी पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए होंडा सिटी कार से ‘रॉकेट संत्रा’ देशी शराब की 3 हजार नग बोतलें बरामद की हैं। पुलिस ने शराब और वाहन समेत कुल 7 लाख 50 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है। कार्रवाई के बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ महाराष्ट्र शराबबंदी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 सितंबर की रात करीब 9.30 से 11 बजे के बीच अहेरी पुलिस को अवैध शराब परिवहन की पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आलापल्ली के श्रीराम चौक से करीब 7 किलोमीटर पूर्व दिशा में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान होंडा सिटी कार क्रमांक MH 48 S 3698 को रोककर दो पंचों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की डिक्की में खाकी रंग के 30 बॉक्स पाए गए। प्रत्येक बॉक्स में 100 नग के हिसाब से कुल 3,000 नग देशी शराब की बोतलें बरामद हुईं।
शराब की कीमत 2.40 लाख, कार की कीमत 5.10 लाख
पुलिस के अनुसार, बरामद ‘रॉकेट संत्रा’ देशी शराब की अवैध बिक्री कीमत करीब 2 लाख 40 हजार रुपये है। इसके अलावा पुरानी इस्तेमाल की गई होंडा सिटी कार की अनुमानित कीमत 5 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।
इस प्रकार शराब और वाहन समेत पुलिस ने कुल 7 लाख 50 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है।
अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज
इस मामले में अहेरी पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 296/2026, महाराष्ट्र शराबबंदी अधिनियम की धारा 65(अ) के तहत अज्ञात आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की रिपोर्ट 7 सितंबर को तड़के 3.16 बजे दर्ज की गई।
पुलिस अधिकारियों की भूमिका
इस कार्रवाई में शिकायतकर्ता के रूप में पुलिस हवलदार 5043 महेश जगपत सडमेक ने कार्यवाही की। मामले की जांच पुलिस हवलदार 562 सरजू वेलादी कर रहे हैं। वहीं मामला दर्ज करने की कार्रवाई महिला पुलिस हवलदार 2662 वंदना डोनारकर ने की।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में देशी शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। अवैध शराब परिवहन के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
रिपोर्टर : संजय यमसलवार
No Previous Comments found.