मुलचेरा के सवालों पर ‘गणगर्जन’; सरकार को 15 दिन का अल्टीमेटम
गडचिरोली : गडचिरोली जिले के मुलचेरा तहसील में सड़क, बिजली, खाद, धान बोनस और एसटी बस फेरियों सहित विभिन्न लंबित समस्याओं को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेत्या तथा पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष एवं वर्तमान सीनेट सदस्य भाग्यश्रीताई आत्राम (हलगेकर) के नेतृत्व में तथा विभागीय अध्यक्ष शाहीनताई हकीम के मार्गदर्शन में नेताजी सुभाषचंद्र बोस चौक, मुलचेरा में ‘गणगर्जन ठिय्या आंदोलन’ किया गया।
आंदोलन के माध्यम से मुलचेरा तहसील की विभिन्न समस्याओं की ओर शासन और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए उन्हें तत्काल हल करने की मांग की गई। इस दौरान युवा नेता ऋतुराज साहेब हलगेकर की उपस्थिति में अजित राय, सालय्या कंबलवार, समीर अधिकारी, ऋषीदादा पोरतेट सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के समक्ष विभिन्न मांगें रखीं।
15 दिन में सड़क की समस्याएं हल करने का अल्टीमेटम
आंदोलन को संबोधित करते हुए भाग्यश्रीताई आत्राम ने मुलचेरा तहसील की खराब सड़कों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि आने वाले 15 दिनों में सड़क संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाए, अन्यथा आंदोलन को और अधिक तीव्र किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की खराब सड़कों के कारण नागरिकों, किसानों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।
दो दिन में बस सेवा शुरू करें, वरना अहेरी डिपो पर आंदोलन
वहीं, शाहीनताई हकीम ने मुलचेरा तहसील में एसटी बस फेरियों की कमी का मुद्दा उठाते हुए प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को स्कूल और महाविद्यालय तक पहुंचने के लिए पर्याप्त सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध नहीं है। बस फेरियां नियमित नहीं होने से ग्रामीण विद्यार्थियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर एसटी बस फेरियां शुरू नहीं की गईं, तो विद्यार्थियों को साथ लेकर अहेरी एसटी डिपो पर आंदोलन किया जाएगा।
विद्यार्थियों ने अधिकारियों के सामने रखी परिवहन समस्या
आंदोलन स्थल पर शाला एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने भी अधिकारियों के समक्ष अपनी परिवहन संबंधी समस्याएं रखीं। विद्यार्थियों ने नियमित बस सेवा उपलब्ध नहीं होने से होने वाली परेशानियों और शिक्षा पर पड़ रहे असर की जानकारी अधिकारियों को दी।
आंदोलन स्थल पर चार्मोशी के उपविभागीय अधिकारी सहित मुलचेरा तहसील के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। आंदोलनकारियों ने अधिकारियों के समक्ष तहसील की अन्य समस्याओं को भी रखा और तत्काल कार्रवाई की मांग की।
इस आंदोलन में विष्णू राय, मनोज कर्मकार, पूर्व सरपंच जया मंडल, डॉ. निखिल इज्जतदार, पूर्व जि.प. सदस्य ज्ञानकुमारी कौशी, जहीर हकीम, श्रीनिवास विरगोनवार, रहेमान शेख, स्वप्नील श्रीरामवार, शैलेश गेडाम, सुमित मोतकुरवार, संतोष येमुलवार, विनोद चव्हाण, अप्सरभाई सहित बड़ी संख्या में नागरिक, किसान, व्यापारी, विद्यार्थी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
रिपोर्टर : संजय यमसलवार
No Previous Comments found.