गणेशोत्सव को लेकर सिरोंचा पुलिस की शांति समिति बैठक संपन्न

गढ़चिरौली : आगामी गणेशोत्सव के मद्देनजर सिरोंचा पुलिस थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण, उत्साहपूर्ण और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाने को लेकर गणेश मंडलों के पदाधिकारियों एवं नागरिकों का मार्गदर्शन किया गया।

बैठक में अहेरी के अपर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन बी. जे., सिरोंचा के उपविभागीय पुलिस अधिकारी समाधान पाटील, पुलिस निरीक्षक बाबासाहेब दुधाळ, नायब तहसीलदार पारधी तथा महावितरण विभाग के अभियंता कांकाल प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

सामाजिक उपक्रमों को प्राथमिकता देने का आह्वान

बैठक में मार्गदर्शन करते हुए पुलिस निरीक्षक बाबासाहेब दुधाळ ने कहा कि आगामी 14 सितंबर से गणेशोत्सव का शुभारंभ होने जा रहा है। उत्सव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी गणेश मंडल पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने केवल मनोरंजनात्मक कार्यक्रमों तक सीमित न रहते हुए गरीब एवं जरूरतमंद नागरिकों की सहायता करने वाले सामाजिक उपक्रमों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

डीजे से दूरी, सीसीटीवी लगाने पर जोर

उपविभागीय पुलिस अधिकारी समाधान पाटील ने गणेशोत्सव के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने गणेश मंडलों से डीजे का उपयोग टालने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से गणेश मंडलों को सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रयास करना चाहिए। पुलिस की ओर से प्रतिदिन गणेश मंडलों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया जाएगा।

विसर्जन के दौरान वाहनों का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतने, किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोकने के लिए आवश्यक उपाय करने तथा स्कूली विद्यार्थियों और नागरिकों को यातायात के कारण परेशानी न हो, इसका ध्यान रखने का आह्वान भी समाधान पाटील ने किया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, गणेश मंडलों और नागरिकों से पुलिस प्रशासन को सहयोग देने की अपील की।

गणेशोत्सव और नवरात्रि में नशामुक्ति का संदेश

अहेरी के अपर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन बी. जे. ने गणेशोत्सव एवं आगामी नवरात्रोत्सव के दौरान क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए सभी से आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने गणेश मंडलों से सामाजिक उपक्रम आयोजित कर आदर्श गणेश मंडल के रूप में कार्य करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक गणेश मंडल के लिए एक पुलिस कर्मचारी नियुक्त किया जाएगा, जो मंडल के साथ समन्वय बनाए रखेगा। गणेश मंडलों को पुलिस प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा, “हम आपकी सेवा के लिए तत्पर हैं, पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।”

बड़ी संख्या में गणेश मंडल पदाधिकारी एवं नागरिक उपस्थित

बैठक के सफल आयोजन में पुलिस उपनिरीक्षक, महिला पुलिस उपनिरीक्षक, पुलिस अंमलदार एवं अन्य पुलिस कर्मचारियों ने सहयोग किया।

इस अवसर पर सिरोंचा तालुका के पुलिस पाटील, नगरसेवक, युवा, गणेश मंडलों के पदाधिकारी तथा पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित थे। गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी ने प्रशासन को सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.