दिवाली की छुट्टियों में झिंगानूर में लगा ज्ञान का मेला
गडचिरोली : दिवाली की छुट्टियों का सदुपयोग करते हुए विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने, प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने तथा उन्हें भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से झिंगानूर में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस पहल का यह दूसरा वर्ष था, जिसमें गांव के लगभग 90 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
झिंगानूर गांव के कई विद्यार्थी शिक्षा के लिए बाहर रहते हैं और दिवाली की छुट्टियों में अपने गांव लौटते हैं। विद्यार्थियों की छुट्टियों को ज्ञानवर्धक बनाने, उन्हें एक मंच पर लाकर अपनी बौद्धिक क्षमता परखने का अवसर देने तथा पढ़ाई के प्रति सकारात्मक प्रतिस्पर्धा विकसित करने की सोच से पिछले वर्ष इस प्रतियोगिता की शुरुआत की गई थी। इस वर्ष भी विद्यार्थियों और ग्रामीणों का उत्साह देखने को मिला।
झिंगानूर ग्रामवासियों एवं उपपुलिस स्टेशन झिंगानूर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उपपुलिस स्टेशन झिंगानूर के प्रभारी अधिकारी श्री अनिकेत खोपड़े ने की। प्रमुख अतिथि के रूप में पूर्व सरपंच श्री कारेजी मडावी, श्री अंजना देशु सावकार, पूर्व उपसरपंच श्री भारत मडावी, समाजसेवी एवं पूर्व ग्राम पंचायत सदस्य श्री रामचंद्र कुमरी, शालेय व्यवस्थापन समिति अध्यक्ष श्री माराजी आत्राम, श्री मधुकर कुडमथे, शिक्षक श्री शंकर मडावी, श्री सुनील जक्कुलवार, श्री के.एस. मडावी, श्री रामन्ना, श्री गणेश मडावी, श्री शंकर कारे मडावी, मेजर मुकेश पळसपगार, मेजर प्रदीप पुणेकर एवं मेजर नत्तू गेडाम सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
प्रतियोगिता के परिणाम
अ समूह
1. प्रथम स्थान – साजन रामचंद्र कुमरी (77 अंक)
2. द्वितीय स्थान – रिंकू किश्टय्या कोंडागोरला (69 अंक)
3. तृतीय स्थान – चेतन सुरेश कुमरी (54 अंक)
अ समूह में तृतीय स्थान के लिए चेतन सुरेश कुमरी और कु. दामिनी सिंगा मडावी को समान 54 अंक प्राप्त हुए। इसके बाद दोनों की सात अंकों की पुनर्परीक्षा ली गई, जिसमें चेतन को चार और दामिनी को दो अंक मिले। इसके आधार पर चेतन को तीसरा स्थान प्रदान किया गया, जबकि दामिनी को प्रोत्साहन पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
ब समूह
1. प्रथम स्थान – कु. नंदिनी फकीरा मडावी (70 अंक)
2. द्वितीय स्थान – सात्विक रामस्वामी गणरापू (68 अंक)
3. तृतीय स्थान – रेवंत मोहन कुडमथे (67 अंक)
विजेताओं को शैक्षणिक सामग्री देकर किया प्रोत्साहित
विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने के लिए कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं उपपुलिस स्टेशन झिंगानूर के प्रभारी अधिकारी श्री अनिकेत खोपड़े की ओर से विजेताओं के लिए शील्ड, नोटबुक, पेन और स्कूल बैग सहित शैक्षणिक सामग्री की व्यवस्था की गई। वहीं श्री अंजना देशु सावकार, श्री राजेश बैलवार सावकार एवं पूर्व सरपंच श्री कारेजी मडावी की ओर से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उपयोगी पुस्तकें भेंट की गईं।
प्रतियोगिता के आयोजन में मुख्याध्यापक श्री डी.आर. कुमरे ने अपना सभागृह उपलब्ध कराकर महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उचित मार्गदर्शन, निरंतर अध्ययन और कड़ी मेहनत के बल पर वे भी विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्कूली शिक्षा के साथ सामान्य ज्ञान, अतिरिक्त वाचन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
ग्रामीण विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सराहनीय पहल
दिवाली के उत्सव को केवल मनोरंजन तक सीमित न रखते हुए विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन और उज्ज्वल भविष्य के लिए झिंगानूर ग्रामवासियों द्वारा शुरू की गई यह पहल एक प्रेरणादायी उदाहरण बन रही है। ग्रामवासियों, पुलिस प्रशासन, शिक्षकों और दानदाताओं के सामूहिक सहयोग से आयोजित यह प्रतियोगिता ग्रामीण विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति जागरूकता और आगे बढ़ने का नया उत्साह पैदा कर रही है।
रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम

No Previous Comments found.