मातोश्री वृद्धाश्रम में 'मेरा युवा भारत' का पांच दिवसीय सेवा अभियान उत्साहपूर्वक संपन्न
गडचिरोली : छात्राओं की सेवा भावना ने बुजुर्गों के चेहरों पर बिखेरी मुस्कान, सामाजिक उत्तरदायित्व का दिया प्रेरक संदेश युवा पीढ़ी में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने तथा वरिष्ठ नागरिकों को भावनात्मक सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से 'मेरा युवा भारत' (MY Bharat), गडचिरोली की ओर से 25 से 29 जून 2026 तक मातोश्री वृद्धाश्रम में पांच दिवसीय सेवा अभियान का सफल आयोजन किया गया। सामाजिक, शैक्षणिक एवं मनोरंजनात्मक गतिविधियों से भरपूर इस अभियान ने वृद्धाश्रम के बुजुर्गों को अपनापन और खुशी का अहसास कराया। इस सेवा अभियान में निलिमा भारत धोडरे, सुप्रिया देवराव कंकलवार, प्रियंका राजू पेटकर, माधुरी रामदास हुलके तथा मयूरी पत्रूजी गेडाम ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं ने पांच दिनों तक वृद्धाश्रम में रहकर वरिष्ठ नागरिकों के साथ समय बिताया और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से उन्हें आनंदमय वातावरण प्रदान किया। यह पूरा अभियान 'मेरा युवा भारत', गडचिरोली के जिला युवा अधिकारी सारंग मेश्राम के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। अभियान के शुभारंभ से पूर्व वृद्धाश्रम के व्यवस्थापक गंगाधर चंदावार तथा सहायक मधुकर लोणारे से अनुमति लेकर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। अभियान के दौरान छात्राओं ने बुजुर्गों के साथ गीत गाए, प्रेरक कहानियां सुनाईं, गांवों के नाम बताने का खेल, मराठी पहेलियां, नृत्य तथा विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया। प्रत्येक गतिविधि में वरिष्ठ नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और छात्राओं का भरपूर उत्साहवर्धन किया। मनोरंजनात्मक कार्यक्रमों के अलावा छात्राओं ने बुजुर्गों के साथ आत्मीय संवाद भी किया। उन्होंने उनके जीवन के अनुभव सुने, उनकी भावनाओं को समझा तथा उन्हें मानसिक और भावनात्मक संबल देने का प्रयास किया। इस आत्मीय संवाद से वृद्धाश्रम में स्नेह, अपनापन और पारिवारिक वातावरण का निर्माण हुआ। पांच दिनों तक चले इस सेवा अभियान के समापन पर वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के चेहरों पर संतोष और खुशी स्पष्ट दिखाई दी। उन्होंने छात्राओं की सेवा भावना और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में नई पीढ़ी और वरिष्ठ नागरिकों के बीच संवाद, संवेदनशीलता और पारस्परिक सम्मान को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। 'मेरा युवा भारत' द्वारा आयोजित इस प्रकार के सेवा अभियान युवाओं में सेवाभाव, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा मानवीय संवेदनाओं को विकसित करने का सशक्त माध्यम बन रहे हैं। साथ ही, ऐसे प्रयास समाज के विभिन्न वर्गों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और सामाजिक समरसता को भी मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
रिपोर्टर : संजय यमसलवार
No Previous Comments found.