वन परिक्षेत्राधिकारी शिवाजी पानगे के मार्गदर्शन में कार्रवाई; मुआवजे की मांग तेज
गडचिरोली : जिले के सिरोंचा तहसील अंतर्गत सोमनपल्ली गांव के जंगल में तेंदूपत्ता संग्रह करने गई एक आदिवासी महिला पर जंगली सूअर ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना 14 मई की सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिलेभर में इन दिनों तेंदूपत्ता संग्रहण का कार्य जोर-शोर से जारी है। सोमनपल्ली गांव के मजदूर रोज की तरह जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गए थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे बैठे जंगली सूअर ने अचानक हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से जंगल में अफरा-तफरी मच गई और मजदूर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
इस हमले में विमला गणेश तोरेम (उम्र 45 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया गया कि तेंदूपत्ता तोड़ते समय जंगली सूअर ने उनके पैर पर जोरदार हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान महिला के पति गणेश तोरेम ने अपनी जान जोखिम में डालकर पत्नी को जंगली सूअर के हमले से बचाया। उनकी सूझबूझ और बहादुरी के चलते बड़ा हादसा टल गया। घटना की जानकारी मिलते ही वन परिक्षेत्राधिकारी शिवाजी पानगे के मार्गदर्शन में क्षेत्र सहायक शेखर गेडाम तथा वन रक्षक मौके पर पहुंचे। वन विभाग के कर्मचारियों ने घायल महिला को तत्काल अंकीसा सरकारी अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू करवाया। मामले में पूछताछ और मौका पंचनामा की कार्रवाई जारी है। जंगल क्षेत्र में वन्यप्राणियों की बढ़ती गतिविधियों से तेंदूपत्ता संग्रह करने वाले मजदूरों में भय का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने वन विभाग से जंगली जानवरों पर नियंत्रण करने तथा घायल महिला को उचित आर्थिक सहायता एवं मुआवजा देने की मांग की है।
रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम


No Previous Comments found.