जिला शल्य चिकित्सक को हटाने की मांग, स्वास्थ्य मंत्री को सौंपा ज्ञापन
गडचिरोली - जिले के अहेरी स्थित 100 बिस्तरों वाले महिला एवं बाल अस्पताल में हाल ही में डॉक्टरों के इस्तीफे के कारण स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई थीं, जिससे क्षेत्र में व्यापक स्तर पर चिंता और नाराजगी का माहौल बना हुआ है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और नगरसेवकों ने मुंबई स्थित विधानभवन में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर से मुलाकात कर अस्पताल की गंभीर स्थिति की ओर उनका ध्यान आकर्षित किया। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष संतोष मद्दीवार, नगरसेवक अमोल गुडेल्लीवार, विकास उईके, मुकेश नामेवार और संजय पोहणेकर ने स्वास्थ्य मंत्री को बताया कि जिला शल्य चिकित्सक लहाडे मैडम के कथित हठधर्मी रवैये के कारण अहेरी के कई चिकित्सा अधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफा दिया है, जिससे अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लहाडे मैडम का कार्यकाल पूर्व से ही विवादों में रहा है, इसके बावजूद उन्हें जिला शल्य चिकित्सक जैसे महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री से मांग की कि जिला शल्य चिकित्सक लहाडे के कार्यों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा उन्हें तत्काल जिले से बाहर स्थानांतरित किया जाए। साथ ही अहेरी महिला एवं बाल अस्पताल में पूर्णकालिक विशेषज्ञ डॉक्टरों की शीघ्र नियुक्ति कर रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया को गति दी जाए। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री को यह भी अवगत कराया कि अस्पताल में डॉक्टरों की प्रतिनियुक्ति किए जाने के बावजूद विभिन्न प्रकार की प्रशासनिक एवं कार्यात्मक समस्याएं बनी हुई हैं, जिसके कारण मरीजों को समुचित स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं। स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जिला शल्य चिकित्सक के कार्यों की जांच के निर्देश देने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि अहेरी महिला एवं बाल अस्पताल में जल्द से जल्द योग्य और विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री के इस सकारात्मक आश्वासन के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि अहेरी महिला एवं बाल अस्पताल में व्याप्त समस्याओं का समाधान होगा और क्षेत्र के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
रिपोर्टर - संजय यमसलवार
No Previous Comments found.