22 लाख रुपये के गैस सिलेंडर चोरी मामले का पर्दाफाश
गडचिरोली - मुलचेरा चंद्रपुर जिले में करीब 22 लाख रुपये मूल्य के गैस सिलेंडरों की चोरी के मामले का स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने मुलचेरा के गैस एजेंसी व्यवसायी मोहित पोतदार सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना के बाद मुलचेरा क्षेत्र में काफी चर्चा का माहौल बना हुआ है।पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार,पडोली पुलिस थाना क्षेत्र से 332 घरेलू गैस सिलेंडर, 20 व्यावसायिक गैस सिलेंडर तथा अशोक लेलैंड कंपनी का एक ट्रक चोरी हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय अपराध शाखा ने तेज़ी से जांच शुरू की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में राजेंद्र रामचंद्र काकड़े (32, वांदोली फाटा, पडोली,चंद्रपुर), कुणाल सुभाष घुडे (25,महाडा कॉलोनी, दाताला, चंद्रपुर) तथा मुलचेरा निवासी मोहित पोतदार - मोहित एच.पी. गॅस ग्रामीण वितरक मुलचेरा के मालिक जिला गडचिरोली) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 52 भरे हुए घरेलू गैस सिलेंडर, 250 खाली घरेलू सिलेंडर, 20 भरे हुए व्यावसायिक गैस सिलेंडर तथा चोरी के सिलेंडरों की बिक्री से प्राप्त 2 लाख 45 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
चंद्रपुर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मुलचेरा क्षेत्र में विभिन्न चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। गैस एजेंसी से जुड़े व्यक्ति का नाम इतने बड़े चोरी के मामले में सामने आने से नागरिकों में आश्चर्य व्यक्त किया जा रहा है। मामले की आगे की जांच चंद्रपुर पुलिस द्वारा की जा रही है।
रिपोर्टर : मारोती कोलावार
No Previous Comments found.